मंदार पर्यटन क्षेत्र में बिजली संकट से परेशान श्रद्धालु
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 29 May 2026 9:41 AM
विज्ञापन
Banka News : विश्व प्रसिद्ध मंदार पर्वत पर्यटन क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अब आस्था से ज्यादा अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है. टूटी स्ट्रीट लाइटें, बंद हाईमास्ट और लगातार कटती बिजली ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
विज्ञापन
बौसी(बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट
Banka News : बौंसी स्थित प्रसिद्ध मंदार पर्वत पर्यटन क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है. पर्यटन क्षेत्र में लगाई गयी सोलर लाइट, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइटें अब खुद अव्यवस्था की तस्वीर बन चुकी हैं. कई स्थानों पर सोलर लाइट के पोल टूटकर जमीन पर पड़े हैं, जबकि अधिकांश रोड लाइट महीनों से बंद हैं. शाम होते ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसर जाता है, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.मधुसूदन मंदिर मार्ग पर पसरा रहता है अंधेरा
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मंदार पर्वत से मधुसूदन मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर लगी अधिकांश रोड लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं. रात के समय श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अंधेरे में सफर करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना और आपराधिक घटनाओं का खतरा बना रहता है.लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत ने लाइटें तो लगवा दीं, लेकिन उनके रखरखाव की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गयी. परिणामस्वरूप लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सुविधाएं लोगों के किसी काम नहीं आ रही हैं.हाइमास्ट लाइट बनी नई परेशानी
नगर क्षेत्र में लगायी गयी हाईमास्ट लाइटें भी अब लोगों के लिए नई समस्या बनती जा रही हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, जैसे ही हाईमास्ट लाइट चालू होती है, ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त दबाव बढ़ जाता है और कई इलाकों में बिजली का फेज कटने लगता है.गर्मी के मौसम में बार-बार बिजली बाधित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है. नागरिकों ने मांग की है कि हाईमास्ट लाइट के लिए अलग विद्युत व्यवस्था की जाए ताकि मोहल्लों की सामान्य बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो.विकास योजनाओं पर उठे सवाल
मोहल्लों में रहने वाले लोगों ने नगर पंचायत की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि विकास योजनाओं के नाम पर उपकरणों की खरीदारी तो होती है, लेकिन उनका रखरखाव और उपयोग जमीन पर दिखाई नहीं देता.कई वार्डों में सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति खराब है. बुजुर्गों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से सामाजिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं.सुरक्षा और पर्यटन दोनों पर असर
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल हाईमास्ट लाइट लगाने से पर्यटन क्षेत्र सुरक्षित नहीं बन सकता. गलियों और मोहल्लों में पर्याप्त रोड लाइट जरूरी है. अंधेरे के कारण चोरी और असामाजिक गतिविधियों का खतरा लगातार बना रहता है.लोगों और श्रद्धालुओं ने नगर पंचायत प्रशासन से खराब पड़ी लाइटों की जल्द मरम्मत कराने, बिजली व्यवस्था मजबूत करने और पर्यटन क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि मंदार की पहचान और श्रद्धालुओं की सुरक्षा दोनों बनी रह सके.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










