मंदिर के पट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां के जयघोष से गूंजा पंजवारा
Published by : GOURAV KASHYAP Updated At : 25 Mar 2026 9:07 PM
चैत्र नवरात्र के सातवें दिन बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंजवारा स्थित चैती दुर्गा मंदिर में आदिशक्ति मां जगदंबा का पट दर्शनार्थ खोल दिया गया.
पंजवारा. चैत्र नवरात्र के सातवें दिन बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंजवारा स्थित चैती दुर्गा मंदिर में आदिशक्ति मां जगदंबा का पट दर्शनार्थ खोल दिया गया. पट खुलते ही मां दुर्गा के अलौकिक स्वरूप के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. महिला, पुरुष तथा युवक-युवतियों ने श्रद्धा के साथ माता के दर्शन किए. नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. कालरात्रि की विधिवत पूजा संपन्न हुई, वहीं देर रात निशा पूजा कर श्रद्धालुओं ने मां से मन्नतें मांगीं. शास्त्रों के अनुसार निशा पूजा का विशेष महत्व होता है और सच्चे मन से की गयी आराधना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. संध्या होते ही मंदिर रंगीन रोशनी से जगमगा उठा, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया. शाम के समय बड़ी संख्या में लोग माता के दर्शन के लिए पहुंचते रहे और मंदिर परिसर देवी गीतों से गुंजायमान होता रहा. वहीं चैत्र नवरात्र के अवसर पर पंजवारा स्थित सती काली मंदिर परिसर में भी कलश स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है. गुरुवार को दुर्गा अष्टमी के अवसर पर डलिया चढ़ाने के लिए भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. इसे देखते हुए मंदिर समिति द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. इस आयोजन में अध्यक्ष महेश मंडल, दया भगत, सचिव विनय भगत, छोटू पंडित, चंदन मंडल, चक्रधर मंडल, श्रवण शर्मा, रवि भगत, भानु भगत, नीरज भगत, रौशन भगत, विकास गुप्ता, चंदन साह, सुमन शर्मा सहित दर्जनों सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










