छह सूत्रीय मांगों को लेकर शंभुगंज में भाकपा-माले ने किया प्रदर्शन, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दिया धरना

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 10 Jun 2026 2:49 PM

विज्ञापन

Banka News : भूमिहीनों को जमीन, महादलित टोला में विकास कार्य और जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर शंभुगंज में भाकपा-माले ने जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर धरना दिया. बाद में प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अंचलाधिकारी को सौंपा.

विज्ञापन

शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट

Banka News : शंभुगंज प्रखंड में भाकपा-माले पार्टी इकाई द्वारा छह सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. पार्टी के प्रखंड सचिव कामरेड महादेव दास और कामरेड रणबीर कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की. प्रदर्शन के बाद मांगों से संबंधित आवेदन अंचलाधिकारी को सौंपा गया.

नारेबाजी के साथ प्रखंड मुख्यालय पहुंचे कार्यकर्ता

भाकपा-माले पार्टी के बैनर तले आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. शंभुगंज-खजुरी मोड़ से शुरू हुई रैली में शामिल कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लेकर नारेबाजी करते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से अनसुलझी हैं, जिससे आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने सरकार और प्रशासन से जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की.

आवासीय जमीन और विकास कार्यों की उठाई मांग

धरना समाप्त होने के बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ को छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा. मांगों में सभी गरीब और भूमिहीन परिवारों को आवासीय जमीन का पर्चा देने, छतहार पंचायत के अंबा गोयड़ा तथा रामचुआ पंचायत के बड़ी खजूरी महादलित टोला में पक्की नाली निर्माण कराने की मांग शामिल है. पार्टी नेताओं ने कहा कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है. इसके अलावा शंभुगंज बाजार की मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर पक्की नाली निर्माण कराने की भी मांग की गई.

महादलित परिवारों की बंदोबस्ती और सड़क निर्माण की मांग

भाकपा-माले नेताओं ने छतहार पंचायत के मालडा ग्राम स्थित सरकारी भूमि पर बसे 42 महादलित परिवारों की बंदोबस्ती करने की मांग उठाई. उनका कहना है कि वर्षों से बसे इन परिवारों को अब तक भूमि का अधिकार नहीं मिल पाया है. इसके अलावा विरनौधा पंचायत के सगुनी गांव में बने पक्के नाले पर ढक्कन लगाने और बैदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 03 स्थित पासवान टोला में सड़क एवं नाले का निर्माण कराने की मांग भी की गई. नेताओं ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी.

जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा

अंचलाधिकारी जुगनू रानी ने बताया कि भाकपा-माले द्वारा सौंपे गए आवेदन को प्राप्त कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि मांगों की जांच-पड़ताल कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. धरना-प्रदर्शन में कामरेड संगीता देवी, हीरा दास, शोभन रविदास, राम विरता देवी, सुलेखा देवी, फुलो देवी, अंजू देवी, पिंकी देवी, राजू दास, भुदेव दास, अजय रविदास, सुमीत रविदास और सियाराम दास सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे. कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन