भीषण गर्मी में जाम से लोग बेहाल, हर आधे घंटे पर थम रही रफ्तार
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 26 May 2026 4:20 PM
विज्ञापन
Banka News : कटोरिया बाजार में अब जाम रोजमर्रा की सबसे बड़ी परेशानी बन चुका है. हालात ऐसे हैं कि हर आधे घंटे पर सड़कें थम जाती हैं और चिलचिलाती धूप में लोग घंटों फंसे रहने को मजबूर हो जाते हैं. अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और धीमे बाईपास निर्माण ने बाजार की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया है.
विज्ञापन
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
बांका जिले के कटोरिया बाजार में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. सड़क किनारे अवैध पार्किंग, फुटपाथ पर कब्जा और अतिक्रमण के कारण बाजार की प्रमुख सड़कों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है. भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद हालात में स्थायी सुधार नहीं हो पा रहा है.हर आधे घंटे पर लग रहा जाम
कटोरिया बाजार में जाम की स्थिति अब आम बात हो गई है. बाजार के मुख्य चौक समेत देवघर रोड, सुईया रोड, बांका रोड और थाना रोड पर दिनभर छोटी-बड़ी गाड़ियों की भीड़ लगी रहती है.स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण टोटो, ऑटो, बाइक और कार सड़क किनारे ही खड़ी कर दी जाती हैं. इससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और थोड़ी सी भी भीड़ होने पर लंबा जाम लग जाता है.फुटपाथ पर कब्जा, सड़क पर खरीदारी को मजबूर लोग
बाजार में सड़क किनारे बने पक्के नाले के ढक्कन पैदल चलने के लिए बनाए गए थे, लेकिन अब इन पर सब्जी, स्टेशनरी, चूड़ी और कोल्ड ड्रिंक की दुकानें सजने लगी हैं.ऐसे में लोगों को सड़क किनारे खड़े होकर खरीदारी करनी पड़ती है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है. फुटपाथ पर कब्जे के कारण पैदल चलने वालों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.अतिक्रमण बना सबसे बड़ी वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है. पिछले वर्ष श्रावणी मेला से पहले प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो गई.सड़क किनारे अस्थायी दुकानें और अवैध कब्जे अब जाम की सबसे बड़ी वजह बन चुके हैं.धीमी रफ्तार से चल रहा बाईपास निर्माण
एनएच-333ए के तहत कटोरिया बाजार में बाईपास सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. यह बाईपास बांका रोड स्थित एसएफसी गोदाम से देवघर रोड के लीलाथान क्षेत्र तक बनाया जा रहा है.हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है. लोगों को उम्मीद है कि बाईपास बन जाने के बाद बड़ी ट्रकों और बाहरी बसों का आवागमन बाजार के बाहर से होगा, जिससे जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकल सकता है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










