जाखा गांव में जर्जर विद्युत तार टूटा, बाल-बाल बचे बच्चे, बड़ा हादसा टला

प्रखंड क्षेत्र के जाखा गांव में शनिवार को बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां हाइटेंशन जर्जर तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया.
धोरैया. प्रखंड क्षेत्र के जाखा गांव में शनिवार को बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां हाइटेंशन जर्जर तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया. इस घटना के दौरान पास ही खेल रहे आधा दर्जन बच्चे बाल-बाल बच गये. तार गिरते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. ग्रामीणों के अनुसार, जाखा गांव में पिछले काफी समय से बिजली के तार अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं. शनिवार को जब बच्चे खेल रहे थे, तभी अचानक ऊपर से गुजर रहा विद्युत प्रवाहित तार चरचराहट के साथ टूटकर नीचे जा गिरा. गनीमत रही कि तार बच्चों से कुछ ही दूरी पर गिरा, अन्यथा एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर आक्रोश उगला. स्थानीय ग्रामीण विकास सिंह, गौतम सिंह, भूपेंद्र सिंह आदि ने बताया कि कई बार विभाग को लिखित और मौखिक सूचना दी गई है कि तार पुराने और जर्जर हो चुके हैं. आए दिन तार टूटने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे मवेशियों और इंसानों की जान पर खतरा बना रहता है. विभाग की ओर से सिर्फ मरम्मत का आश्वासन मिलता है, लेकिन तार बदले नहीं जा रहे हैं. बताते चलें कि धोरैया प्रखंड के सिर्फ जाखा गांव ही नहीं, बल्कि कई अन्य गांवों में भी बिजली के तार पेड़ों की टहनियों के बीच से गुजर रहे हैं. तेज हवा या हल्की बारिश होते ही तार टूटने का सिलसिला शुरू हो जाता है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द इन जर्जर तारों को बदलकर कवर्ड वायर लगाया जाए ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान न जाए.
कहते हैं कनीय अभियंता
आपूर्ति प्रशाखा धोरैया के कनीय अभियंता रवि रंजन कुमार ने बताया कि केबकान एजेंसी द्वारा जर्जर विद्युत तारों को बदला जाना है, लेकिन कार्य को अधूरा छोड़ कर एजेंसी बराबर भाग जाती है, उनके द्वारा वरीय पदाधिकारी को भी इसकी सूचना दे दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




