टूटे बिजली के तार ने ली टोला सेवक की जान, पिरथू गांव में मचा कोहराम

Updated:
विज्ञापन
aurangabad news

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड के पिरथू गांव में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से 54 वर्षीय टोला सेवक गणेश राम की दर्दनाक मौत हो गई. वह मध्य विद्यालय इटकोहिया में कार्यरत थे. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Aurangabad News(सुजीत कुमार सिंह): जिले के मदनपुर प्रखंड के सलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत पिरथू गांव में शुक्रवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 54 वर्षीय टोला सेवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पहचान पिरथू गांव निवासी सूर्यदेव राम के पुत्र गणेश राम के रूप में की गई है. वह मध्य विद्यालय इटकोहिया में टोला सेवक के पद पर कार्यरत थे और अपने व्यवहार एवं कार्यशैली के कारण गांव में काफी सम्मानित माने जाते थे.

करंट के चपेट में आने से हुई मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणेश राम के घर के बाहर बिजली का तार टूटकर गिर गया था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रही थी. इसी दौरान वे उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. हादसे के बाद मृतक की पत्नी सविता देवी और मां पानपति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.

विभाग की लापरवाही पर नाराजगी

परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और मृतक के परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं. घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर बीडीओ डॉ. अवतुल्य कुमार आर्य और सलैया थाना के एसएचओ कन्हैया शर्मा मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गए. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए टूटे तारों की नियमित जांच और मरम्मत की मांग की है.

Also Read: ओबरा थाना में पुलिस अधिकारियों को सम्मान, अपहृत छात्रों की सकुशल बरामदगी पर मिली सराहना

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन