ढाबे पर खड़ी पिकअप से 90 हजार रुपये चोरी, प्राथमिकी के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने किया बरामद
जानकारी देते थानाध्यक्ष विकास कुमार
Aurangabad News : दाउदनगर में ढाबे पर खाना खाने रुके व्यक्ति के पिकअप से 90 हजार रुपये चोरी हो गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल कर्मचारी को गिरफ्तार कर रुपये बरामद किए.
Aurangabad News : दाउदनगर थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन से चोरी किए गए 90 हजार रुपये की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज कुछ घंटे के भीतर बरामदगी कर ली. पुलिस ने मामले में गयाजी जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के सादीपुर निवासी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार राहुल एक होटल में कर्मचारी के रूप में काम करता है. पुलिस के अनुसार, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की रकम बरामद की गई.
ढाबे पर खाना खाने गए, लौटे तो गायब मिले 90 हजार रुपये
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पटना जिले के सिगेड़ी थाना क्षेत्र के वलीपुर निवासी नागेंद्र कुमार वर्मा ने दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी के अनुसार, नागेंद्र कुमार वर्मा झारखंड के लातेहार से रुपये लेकर पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे. दाउदनगर थाना क्षेत्र के शमशेर नगर के पास उन्होंने एक ढाबे पर वाहन खड़ा किया और खाना खाने चले गए. करीब एक घंटे बाद खाना खाकर लौटने पर उन्होंने बैग खोला, तो उसमें रखे 90 हजार रुपये गायब मिले. इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना दाउदनगर थाना पुलिस को दी.
एसपी के निर्देश पर गठित की गयी एसआईटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में थाना स्तर पर एसआईटी का गठन किया गया. टीम ने गुप्तचर तंत्र, आसूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को ढाबे के होटल में काम करने वाले राहुल कुमार के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले.
होटल कर्मचारी राहुल को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद
सुराग मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए पूरे 90 हजार रुपये भी बरामद कर लिये. पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का उद्भेदन कर दिया और चोरी की रकम भी बरामद कर ली.
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
छापेमारी टीम में दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार, सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार, एएसआई भूपेंद्र सिंह, उदय चंद्र चौधरी एवं सिपाही नीतीश कुमार शामिल रहे. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण चोरी की घटना का कुछ ही घंटे में खुलासा हो गया और पीड़ित के 90 हजार रुपये भी बरामद कर लिये गये.
Also Read : कांवर झील के संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, जैव विविधता प्रबंधन समितियों की बैठक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










