दाउदनगर: देर रात घर में घुसे चोर, चोरी, जेवरात-लाखों की नकदी लेकर हुए फरार
जांच करती पुलिस,फेंका हुआ बक्सा
दाउदनगर के पिलछी गांव में चोरों ने घर में घुसकर लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला पिलछी गांव से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब छह लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोर घर में घुसकर सोना-चांदी के जेवरात और करीब 1.55 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.
देर रात को दिया घटना को अंजाम
पीड़ित गृहस्वामी व्यास महतो ने बताया कि यह चोरी की वारदात रात करीब 12 बजे से सुबह तीन बजे के बीच हुई. चोरों ने घर का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया और सीधे उन कमरों में पहुंचे जहां बक्से रखे हुए थे. चोरों ने दो बड़े बक्सों को तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी निकाल ली.
बताया जा रहा है कि चोरी गए जेवरातों में मंगटीका, जितिया, लॉकेट, पायल और चैन जैसे कीमती सामान शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है. इसके अलावा चोरों ने बक्सों में रखे 1 लाख 55 हजार 970 रुपये नकद भी चुरा लिए. गृहस्वामी के अनुसार, एक बक्से में करीब डेढ़ लाख रुपये और दूसरे छोटे बक्से में 5,970 रुपये रखे हुए थे.
सुबह खुला राज, बिखरे मिले बक्से
घटना का खुलासा सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब परिवार के लोग नींद से उठे. उस समय घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला, लेकिन शुरुआत में किसी को चोरी का अंदेशा नहीं हुआ. थोड़ी देर बाद जब घर की महिलाएं सफाई के लिए कमरे में पहुंचीं, तो देखा कि बक्से टूटे हुए पड़े हैं.
इसके बाद पूरे घर में हड़कंप मच गया. जब बाहर जाकर देखा गया तो चोर बक्सों को घर से बाहर ले जाकर तोड़ चुके थे. दो बक्से घर के पीछे टूटे हुए मिले, जबकि एक बक्सा पड़ोसी के छत पर फेंका हुआ पाया गया. इस घटना ने परिवार को पूरी तरह हिला कर रख दिया है.
पुलिस पहुंची मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू की. इसके बाद दाउदनगर थाना के सब इंस्पेक्टर प्रेम रौशन कुमार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
गृहस्वामी ने दाउदनगर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है.
Also Read : बालू लदे ट्रैक्टर ने औरंगाबाद में 15 वर्षीय किशोर को कुचला, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम-आगजनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










