औरंगाबाद के स्कूल में खेल मैदान और अतिरिक्त कमरों के लिए जमीन की मांग, ग्रामीणों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
बीडीओ को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण
Aurangabad News : मदनपुर के मध्य विद्यालय बंगरे में खेल मैदान और अतिरिक्त कमरों की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा. बच्चों की शिक्षा के लिए जमीन की है मांग.
Aurangabad News : राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बंगरे में बच्चों के लिए खेल मैदान, प्रार्थना सभा एवं अतिरिक्त कमरों की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी दीपक कुमार को ज्ञापन सौंपा. ग्रामीणों ने विद्यालय के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में बच्चों की संख्या अधिक है, लेकिन भवन और खेल मैदान के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है.
विद्यालय में करीब 300 बच्चे, पर्याप्त जमीन नहीं
ग्रामीण शिवानंद प्रसाद सुमन, योगेंद्र प्रसाद, संतोष कुशवाहा, किशोरी प्रसाद मेहता, जगतपति मेहता, रामजनम मेहता सहित अन्य लोगों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि बंगरे गांव शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है. गांव स्थित सरकारी विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई होती है, जिसमें करीब 300 से अधिक बच्चे नामांकित हैं. विद्यालय में बच्चों के खेलने, प्रार्थना सभा और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं है. इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास पर असर पड़ रहा है.
Also Read : PHOTOS: 250 किमी दूर से सिपाही के पीछे पहुंची प्रेमिका, फिर जो हुआ तस्वीरों में देखिए..
छह कमरों में दो जर्जर, एक में चलता है कार्यालय
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में बच्चों के पढ़ने के लिए कुल छह कमरे उपलब्ध हैं. इनमें दो कमरों की स्थिति जर्जर है, जबकि एक कमरे में विद्यालय का कार्यालय संचालित होता है. ऐसे में केवल तीन कमरों में ही किसी तरह बच्चों की पढ़ाई करायी जा रही है. अधिक संख्या में विद्यार्थियों के होने के कारण विद्यालय प्रबंधन और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
बेलगान भूमि को विद्यालय के लिए उपलब्ध कराने की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि खाता संख्या 815 की बेलगान भूमि का बड़ा भू-भाग खाली पड़ा हुआ है. ग्रामीणों ने मांग की है कि उक्त भूमि को नियमानुसार चिन्हित कर विद्यालय के लिए उपलब्ध कराया जाए. इससे बच्चों के खेलने के लिए मैदान, प्रार्थना सभा, अतिरिक्त कक्ष एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सकेगी.
विधायक को भी भेजा पत्र
ग्रामीणों ने विद्यालय की समस्या के समाधान के लिए रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह को भी पत्र लिखा है. ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन से विद्यालय के बच्चों के हित में जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार होगा और बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा.
Also Read : PHOTOS: 250 किमी दूर से सिपाही के पीछे पहुंची प्रेमिका, फिर जो हुआ तस्वीरों में देखिए..
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










