चेहल्लुम जुलूस मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण, नगर परिषद ने दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी

अभियान चलाती नगर पर्षद की टीम
Aurangabad News : दाउदनगर में चेहल्लुम जुलूस को लेकर नगर पर्षद ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़कों से निर्माण सामग्री और अस्थायी अतिक्रमण को सख्ती से हटाया गया।
Aurangabad News : चेहल्लुम पर्व के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूस को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए नगर परिषद दाउदनगर ने जुलूस के निर्धारित मार्गों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. नगर परिषद की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से शहर की प्रमुख सड़कों पर अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटवाया और दुकानदारों व स्थानीय लोगों को सड़क पर सामान नहीं रखने की हिदायत दी.
संयुक्त टीम ने कई इलाकों में चलाया अभियान
अभियान में नगर परिषद के वास्तुविद मोहित कुमार, अमीन अनवर फहीम एवं सफाई सुपरवाइजर सुशील कुमार की टीम शामिल रही. दाउदनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी आर.के. मिश्रा और पुलिस बल के साथ टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सड़क पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया.
शांति समिति की बैठक में उठी थी समस्या
नगर परिषद के अनुसार, चेहल्लुम पर्व को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में विभिन्न कमेटियों के खलीफाओं ने जुलूस मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या उठाई थी. उनका कहना था कि कई स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण और सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री के कारण जुलूस के दौरान परेशानी होती है. इसके बाद एसडीओ अमित राजन ने नगर परिषद को जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था.
ईंट, बालू, गिट्टी और दुकानों का सामान हटवाया गया
निर्देश के आलोक में नगर परिषद की टीम ने अब्दुल बारी पथ, चर्च रोड, किला रोड, बारादरी रोड, गुलाम सेठ चौक, कसेरा टोली सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क किनारे रखी ईंट, बालू, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री हटवाई गई. वहीं, कई दुकानदारों द्वारा सड़क तक फैलाए गए सामान को भी तत्काल हटवाया गया, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था.
24 घंटे में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी
नगर परिषद कर्मियों ने स्पष्ट किया कि जुलूस मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कुछ लोगों को 24 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि चेहल्लुम पर्व के दौरान जुलूस के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए पूरे रूट पर लगातार निगरानी रखी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










