Auranhabad News : दाउदनगर में श्राद्ध कार्यक्रम से लौट रहे चाचा-भतीजे की मौत
Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 21 Jan 2026 9:28 PM
Aurangabad News: मखरा और सिहाड़ी गांव के बीच कार व बाइक की टक्कर में हुई घटना
दाउदनगर. दाउदनगर-गोह-गयाजी मुख्य मार्ग में दाउदनगर थाना क्षेत्र के मखरा और सिहाड़ी गांव के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा-भतीजा की मौत हो गयी. घटना मंगलवार की रात की है. मृतकों में अरवल जिले के शहर तेलपा थाना क्षेत्र के रामपुर चाय निवासी अनिरुद्ध शर्मा के 36 वर्षीय पुत्र बिनकिटेश कुमार और कमलेश शर्मा के 19 वर्षीय पुत्र हर्ष कुमार शामिल है. दोनों आपस में चाचा-भतीजा थे. जानकारी के अनुसार, चाचा-भतीजा औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के सिमरा में एक रिश्तेदार के घर श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से वापस अपने घर रामपुर चाय लौट रहे थे. इसी दौरान मखरा व सिहाड़ी के बीच एक कार से उनकी बाइक टकरा गयी. घटनास्थल पर ही चाचा बिनकिटेश की मौत हो गयी, जबकि भतीजे हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास के लोगों के सहयोग से घायल को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल दाउदनगर पहुंचाया गया. इलाज के क्रम में भतीजे की भी मौत हो गयी. इधर, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की. वैसे दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, पीएसआइ भाषा पल्लवी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. इसके बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दी गयी. बदहवास हालत में परिजन अस्पताल पहुंचे और शव देखते ही चीत्कार उठे. अस्पताल में रहे कुछ लोगों ने बिलखते परिजनों को ढांढ़स बंधाया. थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों से जरूरी पूछताछ के बाद औरंगाबाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करायी गयी और फिर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया. घटना के कारणों की जांच की जा रही है. बाइक और कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
एनएच पर लगातार हो रही घटना
औरंगाबाद-पटना एनएच 139 के साथ-साथ दाउदनगर-गोह-गयाजी एनएच 120 पर लगातार दुर्घटना हो रही है. अधिकांश घटनाओं में लापरवाही और रफ्तार कारण बनती रही है. हर दूसरे-तीसरे दिन किसी न किसी दुर्घटना में लोगों की जान जा रही है. खासकर बाइक सवार की मौत हो रही है. ज्ञात हो कि दाउदनगर थाना क्षेत्र के रपुरा से सिहाड़ी एवं गोह थाना क्षेत्र के नगाइन गांव मोड़ के समीप अक्सर दुर्घटनाएं होती है. यही हाल एनएच 139 की भी है. यह भी ज्ञात हो कि एनएच 139 की चौड़ीकरण के लिए लगातार लोग सरकार का ध्यान आकृष्ट करा रहे है. शाम ढलने के बाद इन दोनों सड़कों पर रफ्तार हावी हो जाती है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










