सुपौल में जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरेगी राजद, 9 और 17 जून को होगा धरना
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 07 Jun 2026 1:13 PM
राजद के नेता बैठक करते हुए
RJD Protest Plan: महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल शिक्षा व्यवस्था को लेकर राजद ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. पार्टी ने प्रखंड से लेकर जिला मुख्यालय तक धरना कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कार्यकर्ताओं से इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है.
सुपौल से आशीष कुमार की रिपोर्ट.
RJD Protest Plan: जिले में आगामी 9 जून और 17 जून को आयोजित होने वाले राजद के एक दिवसीय धरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में राजद जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष संतोष सरदार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रदेश महासचिव एवं कार्यक्रम प्रभारी धनिक लाल मुखिया समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को जनता से जुड़ा प्रमुख सवाल बताते हुए आंदोलन को व्यापक बनाने की रणनीति पर चर्चा की.
जनता के मुद्दों पर संघर्ष का दावा
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव धनिक लाल मुखिया ने कहा कि राज्य और देश की जनता बढ़ती महंगाई, रोजगार संकट और प्रशासनिक विफलताओं से परेशान है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल जनता के सवालों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि धरना कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए.
राजनीतिक फैसलों पर भी उठाए सवाल
बैठक के दौरान नेताओं ने कुछ हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. वक्ताओं ने कहा कि सरकार को राजनीतिक मुद्दों से अधिक जनता की मूल समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बैजनाथ मेहता ने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट है, किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और गरीब तबका महंगाई की मार झेल रहा है. ऐसे में जनता की आवाज बुलंद करना समय की जरूरत है.
9 जून को प्रखंडों में, 17 जून को जिला मुख्यालय पर धरना
राजद ने 9 जून को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर और 17 जून को जिला मुख्यालय पर धरना देने की घोषणा की है. इसके लिए विभिन्न प्रखंडों में प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो कार्यक्रम की तैयारी और जनसंपर्क अभियान की निगरानी करेंगे.
बैठक में संगठनात्मक तैयारी, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.
आंदोलन को सफल बनाने का लिया संकल्प
जिलाध्यक्ष संतोष सरदार ने कहा कि राजद हमेशा जनता के अधिकारों और हितों की लड़ाई लड़ती रही है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर लोगों से संपर्क करने और धरना कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया.
बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित होने वाले इस आंदोलन को पूरी ताकत के साथ सफल बनाया जाएगा और आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा.
Also Read: CM हाउस से अटैच नहीं होगा 5 देशरत्न मार्ग बंगला, क्या अब राबड़ी देवी आवास करेंगी खाली?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










