सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष जांच शिविर, दाउदनगर में गर्भवती महिलाओं की हुई जांच

निशुल्क स्वास्थ्य शिविर
Aurangabad News: दाउदनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की गई. इस दौरान एनीमिया की जांच, ब्लड प्रेशर, वजन सहित कई परीक्षण किए गए और जरूरतमंद महिलाओं को इलाज व दवाएं दी गईं.
Aurangabad News(ओम प्रकाश): प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दाउदनगर में गुरुवार को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में पहुंची गर्भवती महिलाओं की डॉक्टरों की टीम ने गहन स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं. शिविर का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनमोल कुमार और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विक्रम मेहता ने किया.
गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन की मात्रा आठ ग्राम से कम
इस दौरान महिलाओं की पैथोलॉजिकल जांच, ब्लड प्रेशर, वजन, हीमोग्लोबिन सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण किए गए. जांच के दौरान जिन गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन की मात्रा आठ ग्राम से कम पाई गई, उन्हें एनीमिया से बचाव और स्वास्थ्य सुधार के उद्देश्य से फेरिक कार्बोक्सी माल्टोज (एफसीएम) थेरेपी दी गई. लगभग आधा दर्जन गर्भवती महिलाओं को एफसीएम इंजेक्शन लगाया गया.
गर्भावस्था के दौरान खून की कमी मां और बच्चे दोनों के लिए खतरा
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनमोल कुमार ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान खून की कमी मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है. इससे प्रसव के दौरान मुश्किलें बढ़ने के साथ-साथ शिशु के विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. उन्होंने कहा कि समय पर जांच, संतुलित आहार और उचित इलाज से एनीमिया की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है. चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विक्रम मेहता ने गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच कराने, आयरन युक्त भोजन लेने और चिकित्सीय परामर्श का पालन करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है.
गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच
स्वास्थ्य प्रबंधक आयुषी अश्वनी वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक महीने की 9, 15 और 21 तारीख को विशेष मातृत्व दिवस मनाया जाता है. अवसर पर गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक इलाज और परामर्श दिया जाता है. अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराना तथा मां और शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है.
Also Read: कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार के विरोध में शिक्षकेतर कर्मचारी धरने पर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










