अब सहयोग शिविर में होगा शिकायतों का निबटारा, 19 मई से शुभारंभ

Published by :SUDHIR KUMAR SINGH
Published at :04 May 2026 5:45 PM (IST)
विज्ञापन
अब सहयोग शिविर में होगा शिकायतों का निबटारा, 19 मई से शुभारंभ

Aurangabad News : 30 दिन पहले से आवेदन संग्रह और शत-प्रतिशत निबटारा पर जोर

विज्ञापन

30 दिन पहले से आवेदन संग्रह और शत-प्रतिशत निबटारा पर जोर प्रतिनिधि, औरंगाबाद शहर कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में डीएम अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में सहयोग शिविर के प्रभावी एवं सफल आयोजन को लेकर एक समीक्षा बैठक हुई. बैठक में आगामी शिविरों की तैयारियों, प्रचार-प्रसार, आवेदन प्राप्ति एवं निष्पादन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई. बिहार सरकार के मुख्य सचिव के निर्देशानुसार आम लोगों की शिकायतों को सुलभ रूप से प्राप्त कर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किया जाना है. इसी क्रम में जिले में सहयोग शिविर का शुभारंभ 19 मई (माह का तृतीय मंगलवार) से किया जायेगा. डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिविर से पूर्व संबंधित पंचायतों में कम से कम 30 दिन पहले से आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. इसके लिए पंचायत सचिव, विकास मित्र, टोला सेवक, आवास सहायक सहित अन्य क्षेत्रीय कर्मियों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया. साथ ही जीविका दीदियों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से घर-घर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठा सकें. उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवन अथवा उसके समीप किसी उपयुक्त सार्वजनिक स्थल पर शिविर का आयोजन सुनिश्चित करें तथा पंचायतवार रोस्टर के अनुसार तिथि एवं स्थल का कड़ाई से अनुपालन करें. शिविर स्थल पर आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का भी निर्देश दिया गया. डीएम ने स्पष्ट कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को उनकी स्थिति से अवगत कराया जाए. राजस्व एवं न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निबटारा के लिए निर्देश दिया गया कि शिविर से पूर्व सभी मामलों का निबटारा कर लिया जाये. शिविर के दिन लंबित एवं निष्पादित मामलों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जायेगी और आवेदकों को लिखित जानकारी दी जायेगी. बैठक में बताया गया कि 19 मई से प्रारंभ होने वाले सहयोग शिविर हेतु पंचायतवार रोस्टर तैयार कर लिया गया है तथा संबंधित पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. विभिन्न प्रखंडों की चयनित पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे, जिनमें औरंगाबाद प्रखंड के फेसर एवं खैरा मिर्जा, बारुण के धमनी, देव के हसौली, मदनपुर के सलेया, कुटुंबा के रिसियप, नवीनगर के टंटवा, ओबरा के डिहरी, दाउदनगर के तरारी, गोह के डिहुरी, हसपुरा के अहियापुर तथा रफीगंज के मेटनिया पंचायत शामिल है. बैठक में उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी जयप्रकाश नारायण, अपर समाहर्ता (विशेष शाखा) मो. सादुल हसन खान, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी उपेंद्र पंडित, सदर एसडीओ संतन कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, डीसीएलआर श्वेतांक लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उप समाहर्ता रितेश कुमार यादव, बेबी प्रिया, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, निदेशक डीआरडीए अनुपम कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भी जुड़े रहे.

विज्ञापन
SUDHIR KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SUDHIR KUMAR SINGH

SUDHIR KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन