ePaper

Aurangabad News : तीन महीने में होंगे 14 से अधिक महोत्सव

Updated at : 03 Jan 2026 10:00 PM (IST)
विज्ञापन
Aurangabad News : तीन महीने में होंगे 14 से अधिक महोत्सव

Aurangabad News:जिले के धार्मिक स्थलों की और बढ़ेगी ख्याति, अंबे महोत्सव की तैयारी को लेकर छह जनवरी को मां सतबहिनी मंदिर परिसर में होगी बैठक

विज्ञापन

औरंगाबाद/अंबा. जिले के धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों की ख्याति और बढ़ेगी. इस दिशा में किये गये प्रयास का असर अब दिखने लगा है. अगले तीन माह यानी मार्च तक सरकारी स्तर पर 14 से अधिक महोत्सव व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा. जनवरी से लेकर मार्च तक 14 महोत्सव व विशेष अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. इसे सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है. कलाकारों के चयन के लिए जिला स्तरीय कलाकार चयन समिति का गठन किया गया है, जिसके अध्यक्ष उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह को बनाया गया है. साथ ही विशेष कार्यक्रम के अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी औरंगाबाद, पर्यटन प्रभारी पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता व जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को सदस्य बनाया गया है. समिति द्वारा ही कार्यक्रम के लिए कलाकारों की सूची तय की जायेगी. महोत्सव के लिए निविदा एवं क्रय समिति का भी गठन किया गया है. निविदा व क्रय समिति में भी उप विकास आयुक्त को ही अध्यक्ष नामित किया गया है. वरीय कोषागार पदाधिकारी, वाणिज्य कर आयुक्त, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक, पर्यटन के प्रभारी पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता एवं कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सदस्य बनाये गये हैं. इसके अलावा जिले का सबसे बड़ा देव सूर्य महोत्सव का भी आयोजन किया जायेगा. हालांकि, इसकी तिथि फिलहाल निर्धारित नहीं की गयी है.

14 जनवरी को होगा मकर संक्रांति व सोननद महोत्सव

जिला प्रशासन द्वारा 14 जनवरी को मकर संक्रांति महोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है. यह कार्यक्रम दाउदनगर में होगा. इसके लिए दाउदनगर के अनुमंडल पदाधिकारी को वरीय पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है. दाउदनगर बीडीओ व जिला खेल एवं संस्कृति पदाधिकारी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर महोत्सव के लिए स्थल चयन करने का निर्देश दिया गया है. 14 जनवरी को ही नवीनगर में सोन नद महोत्सव होगा. इसके लिए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को वरीय पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है. सोन नद महोत्सव के दौरान गंगा आरती का आयोजन किया जायेगा. जिला प्रशासन द्वारा उक्त दोनों महोत्सव के एक सप्ताह पहले से कार्यक्रम संबंधित कार्य योजना से संबंधित प्रतिवेदन की मांग की गयी है.

दो दिवसीय होगा विष्णु धाम महोत्सव

15 व 26 जनवरी को विष्णु धाम महोत्सव होगा. इसकी तैयारी की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में वरीय उपसमाहर्ता रत्ना प्रियदर्शनी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज व बारुण बीडीओ को सौंपा गया है. डीएम ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए पर्यटन विभाग से आवंटन की मांग करने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया है.

19-20 को अंबे महोत्सव व 20-21 को होगा पुनपुन महोत्सव

कुटुंबा प्रखंड मुख्यालय अंबा के सतबहिनी मंदिर के समीप हाइस्कूल चिल्हकी अंबा के खेल मैदान में 19 व 20 जनवरी को अंबे महोत्सव का आयोजन होगा. महोत्सव के आयोजन के लिए आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता को वरीय पदाधिकारी नामित किया गया है. साथ ही कुटुंबा बीडीओ को नोडल पदाधिकारी व अनुमंडल पदाधिकारी को पर्यवेक्षण पदाधिकारी नामित किया गया है. इसकी तैयारी को लेकर छह जनवरी को सतबहिनी मंदिर के परिसर में बैठक होगी. बीडीओ प्रियांशु बसु ने पत्र जारी कर मंदिर न्यास समिति से जुड़े सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं प्रखंड के विभिन्न विभाग से जुड़े अधिकारियों को बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया है. बैठक में महोत्सव की रूपरेखा पर चर्चा की जायेगी. इधर, 20 व 21 जनवरी को नवीनगर प्रखंड अंतर्गत पुनपुन महोत्सव का आयोजन होगा. इसकी तैयारी की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता व नवीनगर बीडीओ को दी गयी है.

सरस्वती पूजा पर होगा बसंत पंचमी महोत्सव

विद्या की अधिष्ठात्री मां सरस्वती पूजा पर 23 जनवरी को बसंत पंचमी महोत्सव होगा. इसका आयोजन शहर के गेट स्कूल अंतर्गत लाइब्रेरी प्रांगण में होगा. इसके लिए उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में जिला शिक्षा पदाधिकारी, वरीय उपसमाहर्ता एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को जिम्मेवारी सौंपी गयी है. इस दौरान मां सरस्वती की मूर्ति स्थापित कर विधिवत पूजा अर्चना की जायेगी. इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा.

26 जनवरी को मनेगा जिला स्थापना दिवस

26 जनवरी को जिला स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इसके लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी को वरीय पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है. वहीं, वरीय समाहर्ता रत्ना प्रियदर्शनी व जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज भी आयोजन की तैयारी के लिए नामित किये गये है. गौरतलब है कि 1973 में औरंगाबाद जिले की स्थापना की गयी थी. जिला स्थापना के उपलक्ष्य में प्रति वर्ष कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है. इस वर्ष जिला प्रशासन विशेष तैयारी में जुटा है. इसके अलावे जनवरी के अंतिम में 29 से 30 जनवरी को दो दिवसीय अष्टभुजी महोत्सव आयोजन करने का निर्णय लिया गया है. महोत्सव का आयोजन विशेष कार्यक्रम के अपर समाहर्ता, जिला एवं कला संस्कृति पदाधिकारी व बारुण बीडीओ के नेतृत्व में आयोजित किया जायेगा.

15-16 फरवरी को उमगेश्वरी व 16-17 को देवकुंड महोत्सव

मदनपुर के उमगा में 15 व 16 फरवरी को दो दिवसीय उमगेश्वरी महोत्सव होगा. इसके साथ ही गोह प्रखंड अंतर्गत 16 व 17 फरवरी को देवकुंड महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. उमगेश्वरी महोत्सव के लिए डीडीसी को वरीय पदाधिकारी नामित किया गया है. वहीं, मदनपुर के बीडीओ को कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. देवकुंड महोत्सव के लिए दाउदनगर के अनुमंडल पदाधिकारी वरीय पदाधिकारी के रूप में नामित किये गये हैं. वहीं फरवरी महीने की अंतिम में 27 एवं 28 को नवीनगर प्रखंड अंतर्गत सूर्य राघव महोत्सव का आयोजन किया जायेगा.

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होंगे विशेष कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. इस कार्यक्रम में महिलाओं के उत्थान पर विशेष रूप से चर्चा भी की जायेगी. इसके लिए डीडीसी अनन्या सिंह, उपसमाहर्ता रत्ना प्रियदर्शनी एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज को नामित किया गया है. इधर, 22 मार्च को बिहार दिवस के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भी अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है.

19-20 मार्च को होगा गजना महोत्सव

जिला प्रशासन द्वारा 19 एवं 20 मार्च को गजना महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. इसकी तैयारी को लेकर भी अधिकारियों की टीम गठित की गयी है. डीएम ने संबंधित सभी अधिकारियों को कार्यक्रम के पूर्व आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया है. गौॅरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा प्रति वर्ष महोत्सव एवं विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है. इस वर्ष सभी कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी द्वारा पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINGH_PT

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

AMIT KUMAR SINGH_PT is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन