Aurangabad News : औरंगाबाद में शीतलहर का कहर, नौ डिग्री रहा पारा
Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 03 Jan 2026 10:04 PM
Aurangabad News: सर्दी, खांसी और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ा, खेतों में काम करने वाले किसान हो रहे परेशान
औरंगाबाद कार्यालय. औरंगाबाद जिले में शीतलहर ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. बीते कुछ दिनों से लगातार गिरते तापमान के कारण ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल गयी. सुबह और शाम के समय ठंड का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है. घना कोहरा और सर्द हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. सबसे अधिक असर खेतों में काम करने वाले किसानों पर पड़ा है. सुबह-सुबह खेतों में जाने वाले किसान कड़ाके की ठंड से कांपते नजर आ रहे हैं. ठंड के कारण कई किसान देर से खेतों में पहुंच रहे हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है. वहीं पशुपालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ठंड से बचाने के लिए पशुओं को खुले में छोड़ना मुश्किल हो गया है. पशुओं में सर्दी, खांसी और अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.
बच्चों में बढ़ रही सर्दी-खांसी की बीमारी
शीतलहर का असर बच्चों के साथ-साथ युवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है. ठंड और कोहरे के कारण सुबह कोचिंग जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी हो रही है. ठंड बढ़ने से बच्चों में सर्दी, बुखार और खांसी की शिकायतें तेजी से बढ़ रही हैं.
सुबह और रात में अनावश्यक रूप से न निकल बाहर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं. मौसम विभाग ने औरंगाबाद समेत आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सुबह और रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, गर्म कपड़े पहनने और अलाव का सहारा लेने की सलाह दी है. साथ ही बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की नसीहत दी गई है.
अस्पतालों में मरीजों की कतार
ठंड का असर अस्पतालों में भी साफ नजर आ रहा है. जिले के सदर अस्पताल समेत निजी क्लिनिकों में सर्दी, खांसी, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. डॉक्टरों का कहना है कि ठंड के मौसम में लापरवाही गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है, इसलिए लोग सावधानी बरतें और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें. कुल मिलाकर, शीतलहर ने औरंगाबाद में आम जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है और प्रशासन व मौसम विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी हो गया है.
बाजारों में सन्नाटा, व्यवसायियों को हो रहा नुकसान
जिले में शीतलहर ने आम जनजीवन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है, जिसका सीधा असर बाजारों पर देखने को मिल रहा है. ठंड के कारण लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं. सुबह से ही बाजारों में ग्राहक न के बराबर दिख रहे हैं. कपड़ा, सब्जी, फल, चाय-नाश्ता, होटल और छोटे दुकानदारों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कई दुकानदारों का कहना है कि ठंड के चलते बिक्री में 40 से 50 प्रतिशत तक की गिरावट आयी है. दिहाड़ी पर निर्भर व्यवसायियों और फुटपाथ दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. दोपहर से शाम तक ही बाजारों में कुछ रौनक दिख रहे है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










