क्रिकेट खेलते समय खेत में गेंद उठाने गया युवक करेंट की चपेट में आया, मौत

तेतरहट गांव में मंगलवार को बारिश के बाद मौसम सुहावना होने पर एकत्र हुए थे बच्चे
तेतरहट गांव में मंगलवार को बारिश के बाद मौसम सुहावना होने पर एकत्र हुए थे बच्चे प्रतिनिधि, कुटुंबा. रिसियप थाना क्षेत्र के तेतरहट गांव में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान गांव निवासी सुरेश यादव के पुत्र नागेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया था. इसी दौरान गांव के बच्चे खेत के पास क्रिकेट खेल रहे थे. नागेंद्र कुमार यादव, जो स्वयं भी क्रिकेट का शौकीन था, बच्चों के साथ खेलने पहुंच गया. खेल के दौरान गेंद दूर चली गयी, जिसे उठाने के लिए वह दौड़ा. इसी क्रम में वह खेत में पहले से गिरे टूटे विद्युत तार को नहीं देख सका और उसकी चपेट में आ गया. तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह तार से अलग कर आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार गूंज उठी. परिजनों के अनुसार नागेंद्र परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक अपने पीछे नौ वर्षीय पुत्र हिमांशु और सात वर्षीय पुत्री अवंतिका को छोड़ गया है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंचे. औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिन्हा उर्फ अभय कुशवाहा ने भी परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके. साथ ही, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर टूटे तार की मरम्मत कर दी जाती, तो यह हादसा टल सकता था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










