हड़ताल से थमी सफाई व्यवस्था, नवीनगर शहर में में कूड़े का अंबार

Published by :SUJIT KUMAR
Published at :05 May 2026 6:04 PM (IST)
विज्ञापन
हड़ताल से थमी सफाई व्यवस्था,  नवीनगर शहर में में कूड़े का अंबार

डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद, वार्डों में कचरे के ढेर से फैल रही बदबू

विज्ञापन

डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद, वार्डों में कचरे के ढेर से फैल रही बदबू

प्रतिनिधि, नवीनगर.

न्यूनतम मजदूरी दर की मांग को लेकर नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को हड़ताल पर जाने का मामला प्रकाश में आया है. जानकारी मिली कि नगर पंचायत क्षेत्र में सफाईकर्मियों की हड़ताल ने व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है. डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव बंद होने से शहर के वार्डों, गलियों और मुख्य सड़कों पर कचरे का अंबार लग गया है. कई स्थानों पर कूड़ा सड़कर बदबू फैलाने लगा है.हालात यह हैं कि सुबह-शाम कचरा उठने की आदत वाले लोग अब परेशानियों से घिर गये है. सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय को दिए आवेदन में अपनी समस्याएं स्पष्ट रूप से रखी हैं. उनका कहना है कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी दर के अनुसार भुगतान नहीं किया जा रहा है. ठेकेदारी प्रथा के कारण मजदूरी में कटौती होती है और समय पर भुगतान भी नहीं मिलता. कर्मियों का आरोप है कि अन्य विभागों के मजदूरों की तुलना में उन्हें काफी कम पारिश्रमिक दिया जाता है, जो उनके जीवनयापन के लिए पर्याप्त नहीं है.

रोजगार और भुगतान का संकट

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि करीब छह सफाईकर्मी पिछले लगभग तीन महीनों से काम से वंचित हैं. उन्हें न तो कोई स्पष्ट कारण बताया गया और न ही दोबारा काम पर बुलाया गया. इससे उनके परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है. इसके अलावा, कई कर्मियों का बकाया भुगतान भी लंबित है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं.

ठेकेदार पर मनमानी का आरोप

सफाईकर्मियों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्य का वितरण पारदर्शी नहीं है.मनमाने तरीके से कुछ लोगों को काम दिया जाता है, जबकि अन्य को बाहर रखा जाता है. मजदूरी भुगतान में भी भेदभाव की शिकायत सामने आई है. कर्मियों का कहना है कि जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं होगा, वे हड़ताल जारी रखेंगे.

आम जनता पर असर

हड़ताल का सबसे अधिक असर आम नागरिकों पर पड़ा है. जगह-जगह कूड़े के ढेर से दुर्गंध फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति और भी चिंताजनक बन गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है.

प्रशासन पर बढ़ेगा दबाव

अगर सफाई कर्मी हड़ताल पर रहेंगे तो नगर पंचायत प्रशासन पर स्थिति को संभालने का दबाव बढ़ेगा. जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो समस्या और गंभीर हो सकती है. ऐसे में जरूरी है कि प्रशासन सफाईकर्मियों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार कर विवाद का समाधान निकाले, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू रखा जा सके.

क्या कहती है मुख्य पार्षद

नगर पंचायत नवीनगर के मुख्य पार्षद प्रियंका सिंह ने कहा कि सफाई कर्मियों से बातचीत की गयी है. जल्द ही वे काम पर लौटेंगे. सफाई व्यवस्था बेहतर है. आम लोग धैर्य रखे.

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन