औरंगाबाद पुलिस की कार्रवाई में 37 गिरफ्तार

औरंगाबाद पुलिस की कार्रवाई में 37 गिरफ्तार
प्रतिनिधि, औरंगाबाद ग्रामीण. जिले में अपराध नियंत्रण, शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन और वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर औरंगाबाद पुलिस लगातार अभियान चला रही है. शनिवार को जिलेभर में चलाये गये विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 37 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 16 आरोपितों को जेल भेजा गया है. यह जानकारी पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गयी है. पुलिस के अनुसार, हत्या के प्रयास मामले में 10 आरोपितों की गिरफ्तारी हुई, जबकि मद्यनिषेध अधिनियम के तहत छह लोगों को पकड़ा गया है. इसके अलावा अन्य मामलों में 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस अभियान के दौरान 42 लीटर देसी व 16.125 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी है. पुलिस ने वारंट निष्पादन अभियान में 19 वारंटों का निष्पादन किया है. वाहन जांच अभियान के तहत जिलेभर में कुल 1314 वाहनों की जांच की गयी. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 82 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है. साइबर थाना की सक्रियता से ऑनलाइन ठगी के दो मामलों में पीड़ितों को कुल 12 हजार रुपये की राशि वापस करायी गयी. माली थाना कांड संख्या 73/26 में नवीनगर थाना क्षेत्र के रजवरिया निवासी जय कुमार उर्फ बजरंगी पासवान को 150 किलोग्राम महुआ के साथ गिरफ्तार किया गया है. कुटुंबा थाना की पुलिस ने विशुनपुर निवासी वकील पासवान को 4.50 लीटर देसी शराब के साथ पकड़ा है. नवीनगर थाना क्षेत्र में रामबली सिंह के पुत्र रणविजय सिंह को 37.50 लीटर देसी शराब व एक साइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया है. दाउदनगर थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 16.125 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. साइबर थाना ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर चितौरा थाना क्षेत्र की किरण कुमारी के खाते में 10 हजार रुपये तथा फेसर थाना क्षेत्र निवासी प्रणव कुमार ठाकुर के खाते में दो हजार रुपये वापस कराये. पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल के निर्देश पर चलाये जा रहे अभियान को लेकर जिले में अपराधियों व शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण व शराबबंदी कानून के प्रभावी पालन को लेकर आगे भी लगातार विशेष अभियान जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










