भोजपुर: तरारी में 12 दिन में दूसरी बार जला ट्रांसफार्मर, बिजली ठप होने से भड़के ग्रामीण, आंदोलन की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
जला हुआ ट्रासफार्मर | Prabhat Khabar Network

जला हुआ ट्रासफार्मर

hd hd dud xn

विज्ञापन

Arrah News : भोजपुर के तरारी प्रखंड के सिकरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरौल गांव में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. महज 12 दिनों के भीतर दूसरी बार 100 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने से गांव में अंधेरा पसरा हुआ है. लगातार हो रही इस समस्या से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है.

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगा 100 केवी का ट्रांसफार्मर पहली बार 17 जुलाई को जल गया था. इसके बाद विद्युत विभाग ने 18 जुलाई को नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की थी. लेकिन हैरानी की बात यह है कि वही ट्रांसफार्मर बुधवार को फिर से जल गया, जिससे पूरे गांव की बिजली दोबारा बंद हो गई.

कम क्षमता के ट्रांसफार्मर से बढ़ रही समस्या

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है. यही वजह है कि उस पर जरूरत से ज्यादा लोड पड़ता है और वह बार-बार जल जा रहा है. लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जिसके कारण उन्हें बार-बार परेशानी झेलनी पड़ रही है.

बिजली नहीं रहने से घरों में अंधेरा छाया हुआ है, वहीं पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है. गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने विभाग को दी सूचना, उठाई मांग

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन कर स्थिति की जानकारी दी. साथ ही उन्होंने मांग की कि गांव में जल्द से जल्द नया और अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके.

ग्रामीणों का कहना है कि अगर अब भी विभाग ने लापरवाही दिखाई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. ऐसे में वे किसी भी तरह की परेशानी के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे.

आंदोलन की चेतावनी से बढ़ा दबाव

इस मुद्दे पर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता नीरज त्रिपाठी, पिंटू पाण्डेय, धीरज राय, गोलू पाण्डेय, शशि कुमार, श्याम सुंदर पाण्डेय, रामब्रत पाण्डेय और कुन्दन कुमार ने संयुक्त रूप से नाराजगी जताई. उन्होंने साफ कहा कि अगर जल्द ही अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

उन्होंने विभाग से मांग की कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की परेशानी से छुटकारा मिल सके.


विज्ञापन
Narayan Tripathi

लेखक के बारे में

By Narayan Tripathi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन