आरा: रिश्तेदार बनकर घर में घुसी महिला निकली शातिर चोर, ढाई लाख कैश और किलोभर गहनों के साथ गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
आरोपी महिला और बरामद सामान का फ़ोटो | Prabhat Khabar Network

आरोपी महिला और बरामद सामान

आरा के गड़हनी थाना पुलिस ने रिश्तेदार बनकर घरों में चोरी करने वाली महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से लाखों के गहने और नकदी बरामद की गई है।

विज्ञापन

Arrah News :आरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गड़हनी थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रही एक शातिर महिला चोर को गिरफ्तार कर लिया है. यह महिला बेहद चालाक तरीके से लोगों के घरों में घुसती थी और रिश्तेदार बनकर भरोसा जीतने के बाद वारदात को अंजाम देती थी. पुलिस ने आरोपी महिला के पास से ढाई लाख रुपये नकद, सोने के कई गहने और करीब दो किलो चांदी बरामद की है.

गिरफ्तार महिला की पहचान पटना जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र के एतवारूपुर गांव निवासी सीमा देवी के रूप में हुई है. वह रंजीत पासवान की पत्नी बताई जा रही है. पुलिस ने उसे उसके घर से मंगलवार को दबोचा. इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रेस नोट जारी कर दी गई.

रिश्तेदार बनकर घर में बनाई जगह

दरअसल, यह पूरा मामला 17 जुलाई का है. गड़हनी थाना क्षेत्र के लसाढ़ी गांव निवासी राकेश रोशन के घर एक महिला पहुंची. उसने खुद को उदवंतनगर थाना क्षेत्र के मलथर गांव निवासी शिवजी सिंह की बेटी बताया. महिला ने ऐसा भरोसा दिलाया कि घरवालों ने उसे रिश्तेदार समझकर अपने घर में रहने की इजाजत दे दी.

दिनभर वह घर में सामान्य तरीके से रही, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ. परिवार के लोग भी उसे अपना ही समझकर पूरी तरह निश्चिंत हो गए.

नशीला काढ़ा पिलाकर किया बेहोश

रात होते ही महिला ने अपनी असली चाल चली. उसने घर में काढ़ा बनाया और उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया. जब घर के लोगों ने वह काढ़ा पिया, तो धीरे-धीरे सभी बेहोश होकर सो गए. यही मौका देखकर महिला ने घर में रखे नगद रुपये और सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया.

बताया जाता है कि महिला करीब साढ़े छह लाख रुपये नगद और भारी मात्रा में गहने लेकर फरार हो गई थी. सुबह जब घरवालों की नींद खुली, तो उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई.

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

घटना के बाद पीड़ित राकेश रोशन ने गड़हनी थाना में अज्ञात महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. जांच के दौरान धीरे-धीरे महिला की पहचान सामने आई, लेकिन तब तक वह फरार हो चुकी थी.

काफी दिनों तक पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही. आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर उसे पटना जिले से गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि आरोपी महिला का तरीका बेहद शातिर था. वह अलग-अलग इलाकों में जाती थी और खुद को किसी का रिश्तेदार बताकर घर में घुस जाती थी. रात में रुकने के बाद खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर पूरे परिवार को बेहोश कर देती थी और फिर आराम से चोरी कर फरार हो जाती थी.

पुलिस ने उसके पास से ढाई लाख रुपये नकद, तीन जोड़ी सोने के झुमके, तीन मंगलसूत्र, तीन सोने की चेन और करीब दो किलो चांदी बरामद की है.

आगे की कार्रवाई जारी

फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि वह इस तरह की कई और वारदातों में शामिल हो सकती है. पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है.

इस गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है. आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं, जिससे कई पुराने मामलों की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है.


विज्ञापन
Md. Wasim

लेखक के बारे में

By Md. Wasim

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन