सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, आरा में रिटायर्ड बैंक कर्मी के घर घुसकर लाखों के जेवर-नगदी उडाए

घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़
आरा के मीरगंज इलाके में घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने लाखों के जेवर और नगदी पर हाथ साफ किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
Arrah News : आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां घर के मालिक के बाहर रहते ही चोरों ने मौका देखकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. मीरगंज पानी टंकी मोहल्ले में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए. घर ख़ाली देखकर चोरों ने घर पर हाथ साफ़ कर दिया. सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर उड़ गए. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची.
जानकारी के अनुसार, घर के मालिक की पहचान सुमन कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो एक रिटायर्ड बैंक कर्मी हैं. घटना के समय वह अपने घर पर नहीं थे. सुमन कुमार सिंह कुछ समय से झारखंड गए हुए थे. घर में सिर्फ एक महिला केयरटेकर मौजूद थी, लेकिन वह भी रात के वक्त किसी कारण से बाहर चली गई थी. इसी बीच चोरों ने सुनसान घर को निशाना बना लिया.
देर रात चोरों ने फांदी चारदीवारी
रात करीब 1 बजे चोर घर की चारदीवारी फांदकर अंदर घुसे. इसके बाद उन्होंने घर के कमरे का ताला तोड़ा और आराम से अलमारी, ब्रीफकेस समेत अन्य जगहों की तलाशी ली. चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी को समेट लिया और फरार हो गए. चोरी की कुल रकम लाखों में बताई जा रही है.
सुबह जब मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी हुई, तो आसपास भीड़ जुट गई. इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
केयरटेकर के बयान ने बढ़ाया शक
घर की देखरेख कर रही महिला केयरटेकर ने बताया कि उसके एक संबंधी की तबीयत खराब थी, जिसके कारण वह रात करीब सवा एक बजे घर से बाहर चली गई थी. जब वह सुबह वापस लौटी, तो घर का ताला टूटा हुआ पाया. उसके इस बयान के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उससे और उसके पति से पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस को शक है कि चोरी की इस घटना में अंदर की जानकारी रखने वाले लोगों का हाथ भी हो सकता है. इसी कड़ी में केयरटेकर और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है. फुटेज में रात करीब 1 बजकर 13 मिनट पर घर के मुख्य दरवाजे के पास दो-तीन संदिग्ध लोग घूमते नजर आए हैं. वहीं कुछ बाइक सवार युवक भी उस समय इलाके से गुजरते दिखे हैं. पुलिस इन सभी गतिविधियों को गंभीरता से जांच रही है.
टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में पुलिस टीम और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच की. वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की कोशिश की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके.
पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज, केयरटेकर के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










