बांकीपुर उपचुनाव: वोटिंग के बीच BJP और जन सुराज समर्थकों में झड़प, बूथ पर पुलिस के सामने हुई धक्का-मुक्की

किदवईपुरी में वोटिंग के दौरान बीजेपी-जन सुराज समर्थकों में झड़प
Bankipur By Election Voting: बांकीपुर उपचुनाव के दौरान मतदान के बीच भाजपा और जन सुराज समर्थक आमने-सामने आ गए. किदवईपुरी और PNT कॉलोनी में हंगामा और धक्का-मुक्की हुई. जन सुराज ने भाजपा पर वोटरों को प्रभावित करने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने फर्जी मतदान की आशंका जताते हुए चुनाव अधिकारियों से शिकायत की है.
Bankipur By Election Voting: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान मतदान के बीच भाजपा और जन सुराज के समर्थक आमने-सामने आ गए. किदवईपुरी और PNT कॉलोनी के पास बूथों पर दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ. पुलिस की मौजूदगी में धक्का-मुक्की भी हुई. इसके बाद मौके पर सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई.
किदवईपुरी में पुलिस के सामने धक्का-मुक्की
किदवईपुरी इलाके में भाजपा और जन सुराज के समर्थकों के बीच तनाव उस समय बढ़ गया, जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पुलिस के सामने ही धक्का-मुक्की हुई. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया.
जन सुराज ने भाजपा के पूर्व प्रत्याशी पर लगाए आरोप
जन सुराज के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी अपने समर्थकों के साथ बूथ पर दबाव बना रहे थे. उनका कहना है कि मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा रहा था और माहौल प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी.
PNT कॉलोनी में भी हुआ हंगामा
PNT कॉलोनी स्थित बूथ पर भी जन सुराज समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया. उनका आरोप है कि कुछ लोग मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रभावित कर रहे थे. कार्यकर्ताओं ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बूथ संख्या 101 और 103 पर बढ़ा विवाद
बूथ संख्या 101 और 103 पर भी माहौल गर्म रहा. जन सुराज समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक मतदान प्रक्रिया में दखल दे रहे हैं. हालांकि प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया.
BJP ने भी लगाया फर्जी मतदान का आरोप
दूसरी ओर भाजपा ने जन सुराज पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है. भाजपा के प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर मतदाताओं के पहचान सत्यापन को सख्ती से लागू करने की मांग की है. पार्टी का कहना है कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर वोटर का सही तरीके से सत्यापन जरूरी है.
वोटिंग जारी, कई नेताओं ने डाला वोट
बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान जारी है. नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने अपने पिता डॉ. सी.पी. ठाकुर के साथ मतदान किया. वहीं जदयू विधायक श्याम रजक ने भी वोट डालने के बाद कहा कि बांकीपुर में कोई संघर्ष नहीं है और चुनाव एकतरफा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










