आरा: पिकअप चालक से लूट कांड का खुलासा, संदेश पुलिस ने फरार आरोपी पवन कुमार को दबोचा

आरा के संदेश थाना क्षेत्र में हुए पिकअप लूट कांड मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पवन कुमार को पुलिस ने तीर्थकौल गांव से गिरफ्तार कर लिया है।
Arrah News : भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र में हुए लूट कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया है. मंगलवार को तीर्थकौल गांव से पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपित पवन कुमार को गिरफ्तार किया गया.
जानकारी के अनुसार वह इसी गांव का रहने वाला है. इस कार्रवाई की पुष्टि पुलिस अधीक्षक राज ने प्रेस नोट जारी कर दी.
क्या है मामला
मामला बीते 11 जुलाई की रात का है, जब एक बारात से लौट रहे पिकअप चालक और उसके साथियों के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया था. उस रात जो हुआ, उसने इलाके में दहशत फैला दी थी.
बारात से लौटते समय रास्ते में हुई वारदात
सिकरहटा थाना क्षेत्र के कुरमुरी गांव निवासी मो. अब्दुल गफ्फार अंसारी का पुत्र मो. गौस आजम पिकअप चलाता है. 11 जुलाई को वह अपनी गाड़ी पर डीजे लोड कर अपने साथियों के साथ संदेश थाना क्षेत्र के जनईडीह गांव में बारात करने गया था. कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ बदमाशों ने उसको लूट लिया.
जानकारी के आनुसार, जनईडीह गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही अचानक चार हथियारबंद अपराधियों ने पिकअप को आगे से रोक लिया. इससे पहले कि चालक और उसके साथी कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन्हें जबरन गाड़ी से नीचे उतार लिया. गाड़ी से नीचे उतारने के बाद अपराधियों ने मो. गौस आजम के पास मौजूद मोबाइल और करीब साढ़े चौदह हजार रुपये नकद लूट ने की कोशिश की.
लोहे के रॉड से पिटाई, नकद और मोबाइल लूटे
बदमाशों ने लोहे के रॉड से चालक और उसके साथियों की जमकर पिटाई की. पिकअप चालक और उसके साथियों पर हमला करने के बाद उनका मोबाइल और पैसे छीन लिया, इसके अलावा उसके एक अन्य साथी का भी मोबाइल छीन फरार हो गए.
घायल अवस्था में थाने पहुंचा
घटना के बाद घायल अवस्था में पीड़ित किसी तरह थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद संदेश थाना में चार अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.
जांच में सामने आया आरोपी का नाम
मामले की जांच शुरू होते ही पुलिस ने कई संदिग्धों पर नजर रखी. इसी दौरान अनुसंधान में पवन कुमार का नाम सामने आया. पुलिस को उसकी तलाश थी, लेकिन घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था. लगातार छापेमारी के बावजूद वह हाथ नहीं लग रहा था.
आखिरकार मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर तीर्थकौल गांव में छापेमारी की गई. इसी दौरान पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर बाकी आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
पुलिस की कार्रवाई जारी, अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि मामले में अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है ताकि इलाके में कानून व्यवस्था बनी रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










