भोजपुर : दरवाजा खोलते ही बिजली तार की चपेट में आई किशोरी, करंट लगने से हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम

अस्पताल में मृतिका के परिजन | Prabhat Khabar Network
भोजपुर जिले में एक दुखद घटना में 14 वर्षीय किशोरी की करंट लगने से मौत हो गई. बारिश के दौरान दरवाजा खोलते ही वह बिजली के तार की चपेट में आ गई. उसे अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम पसर गया है.
भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुली गांव में गुरुवार की दोपहर करंट की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई. इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही.
जानकारी के अनुसार मृत किशोरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुली गांव निवासी सुनील कुमार पासवान की 14 वर्षीया पुत्री पूजा कुमारी है.
बारिश के दौरान दरवाजे के पास हुआ हादसा
इधर, मृत किशोरी के स्वजन ने बताया कि उसकी मां खेत में रोपनी करने और पिता मजदूरी करने गए थे. घर में सिर्फ भाई-बहन ही थे. इसी बीच बारिश शुरू हो गई.
बारिश में नहाने के बाद वह घर में जा रही थी और दरवाजे के पीछे बिजली का तार सटा हुआ था. जैसे ही उसने दरवाजा खोला, तभी वह करंट की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई.
अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने घोषित किया मृत
तब उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने देखकर उसे मृत घोषित कर दिया. इसके पश्चात मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.
परिवार में मचा कोहराम और रो-रोकर बुरा हाल
बताया जाता है कि मृत किशोरी अपने तीन बहनों व एक भाई में दूसरे स्थान पर थी. उसके परिवार में मां फुलकुमारी देवी व दो बहनें खुशबू कुमारी, छोटी कुमारी एवं एक भाई सोहन कुमार हैं.
घटना के बाद मृत किशोरी के घर में कोहराम मच गया. उसकी मां फुलकुमारी देवी व परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read : नालंदा : सावन में भगवान शिव पर चढ़े बेलपत्र और फूलों से बनेगी जैविक खाद, राजगीर में शुरू हुआ अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










