भोजपुर : रोक के बावजूद गड़हनी-बागर रोड पर पहुंचा गिट्टी लदा ट्रक, ग्रामीणों ने रोककर पुलिस के हवाले किया

Updated:
विज्ञापन

ट्रक रोकर प्रदर्शन करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भोजपुर के गड़हनी-बागर रोड पर प्रशासनिक रोक के बावजूद गिट्टी से लदा ट्रक चलने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर जमकर हंगामा किया और पुलिस के हवाले कर दिया.

विज्ञापन

भोजपुर के गड़हनी-बागर रोड पर भारी मालवाहक वाहनों के परिचालन पर प्रशासनिक रोक के बावजूद गुरुवार को गिट्टी लदा एक ट्रक इस सड़क पर पहुंच गया. इससे नाराज बहरी गांव के ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर जमकर हंगामा किया और चरपोखरी थाना पुलिस को सूचना देकर वाहन को अपने कब्जे में दिला दिया.

विज्ञापन

ग्रामीणों का आरोप है कि पीरो एसडीएम द्वारा पिछले महीने हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद इस सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने का आश्वासन दिया गया था. इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए लगातार बड़ी मालवाहक गाड़ियां इस मार्ग से गुजर रही हैं.

बाल-बाल टला बड़ा हादसा और ग्रामीणों का आक्रोश

ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार को गिट्टी लदा ट्रक बहरी गांव के पास पहुंचा, जहां उसने एक सवारी लेकर जा रही ऑटो को भी सटाकर निकलने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने ट्रक को रोककर पुलिस को बुला लिया.

ग्रामीणों का कहना है कि गड़हनी-बागर रोड संकरा (सिंगल) मार्ग है. इस पर भारी वाहनों के चलने से हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से भारी मालवाहक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कराने और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

पिछली दुर्घटना के बाद मिला था आश्वासन

गौरतलब है कि पिछले महीने इसी मार्ग पर एक ट्रेलर ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया था, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था.

उस घटना के बाद ग्रामीणों के हंगामे पर पीरो एसडीएम ने इस सड़क पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का आश्वासन दिया था. बावजूद इसके फिर से भारी वाहन इस मार्ग पर चलते दिखाई देने से ग्रामीणों में नाराजगी है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन