आरा : छत की कुंडी से लटका महिला का शव बरामद, पति और सास गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर.
आरा के धनगाई थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत. मायके वालों ने पति और सास पर लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पति और सास को गिरफ्तार किया.
आरा जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के बसौना गांव में सोमवार को छत की कुंडी से लटका एक महिला का शव बरामद हुआ है. मायके वालों द्वारा उसके पति एवं ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मृतकों के पति एवं सास को गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के अनुसार मृतका धनगाई थाना क्षेत्र के बसौना गांव निवासी नेजाम अंसारी की 28 वर्षीया पत्नी खैरुन निशां है. इधर, नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी मृतका के भाई महबूब अली ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन की शादी वर्ष 2018 में धनगाई थाना क्षेत्र के बसौना गांव निवासी नेजाम अंसारी से की थी. शादी के चार साल बाद से उसके पति नेजाम अंसारी का किसी दूसरी लड़की से मधुर संबंध हो गया. इसे लेकर उनके बीच झगड़ा होता रहता था. जिसको लेकर उन लोगों के द्वारा धनगाई थाना में उसके खिलाफ शिकायत की गई थी. तब थानाध्यक्ष द्वारा उसे समझाया-बुझाया और उठक-बैठक कराकर सही से रहने की सलाह गई थी.
इसी बीच सोमवार की दोपहर उनके बहन के देवर ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि आपकी बहन दुनिया में नहीं है. वह छत से गिरकर मर गई है. सूचना पाकर परिजन उसके ससुराल पहुंचे तो, उन्होंने देखा कि उसके कमरे में टूटी हुई चूड़ी बिखरी हुई है और उसके गले पर निशान है. इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी.
सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. वहीं दूसरी तरफ मृतका के भाई महबूब अली ने उसके पति एवं देवर सहित ससुराल के अन्य सदस्यों पर उसके अवैध संबंध होने के कारण अपनी बहन की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है.
इस संबंध में धनगाई थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके पति नेजाम अंसारी एवं उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान उसके पति द्वारा बताया गया की मृतका द्वारा मोबाइल की मांग की जा रही थी. जब उसने कहा कि अभी तंगी है, बाद में दिला दूंगा. इसी बात पर उसने कमरे के छत के कुंडी से गले में दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली है. हालांकि मामले की जांच की जा रही है. बताया जाता है कि मृतक अपने छह बहन व एक भाई में छोटी थी. उसे जुड़वा बेटी नजमा एवं नगमा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए