भोजपुर : बिहिया में कंटेनर से 55 लाख की विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
बक्सर-पटना एनएच 922 पर शराब की बड़ी खेप जब्त, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

भोजपुर में मद्यनिषेध विभाग को बड़ी सफलता मिली है. बिहिया थाना क्षेत्र में एक कंटेनर से 55 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है. इस मामले में पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

भोजपुर जिले में मद्यनिषेध विभाग को अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है.

बिहिया थाना क्षेत्र के बिहियां चौरास्ता मोड़ के समीप बक्सर-पटना एनएच 922 पर वाहन जांच के दौरान मद्यनिषेध विभाग की टीम ने एक 10 चक्का कंटेनर से करीब 55 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान पंजाब के दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

चंडीगढ़ से लाई जा रही थी शराब की बड़ी खेप

जानकारी के अनुसार, मद्यनिषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से एक कंटेनर के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बिहार लाई जा रही है.

सूचना के सत्यापन के उपरांत सहायक आयुक्त रजनीश के निर्देश पर उत्पाद निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर शुक्रवार को एनएच पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान संदेह के आधार पर यूपी-21 एफटी-4820 (UP 21 FT 4820) नंबर के एक कंटेनर ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई.

4,448 लीटर शराब बरामद, रॉयल स्टैग व इंपीरियल ब्लू शामिल

तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर छिपाकर रखी गई कुल 13,776 बोतलें एवं पाउच बरामद किए गए, जिनमें कुल 4,448.880 लीटर विदेशी शराब मौजूद थी. जब्त की गई शराब में 'रॉयल स्टैग' और 'इंपीरियल ब्लू' ब्रांड की विभिन्न साइज वाली बोतलें शामिल हैं.

गिरफ्तार आरोपित गुरदासपुर के रहने वाले

मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नव ज्योति सिंह और हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब राज्य के गुरदासपुर जिले के निवासी हैं. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

इस सफल अभियान में एएसआई मदन लाल यादव, एएसआई राणा विकास कुमार सहित मद्यनिषेध विभाग, सैप एवं होमगार्ड के जवान मुख्य रूप से शामिल रहे. विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिहार में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए यह विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार से की मुलाकात, कहा- मिलेगा न्याय


विज्ञापन
Shailendra Kumar Gupt

लेखक के बारे में

By Shailendra Kumar Gupt

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन