आरा में आचार्य सुलभ सागर जी महाराज ससंघ का वर्षायोग कलश स्थापना समारोह भव्य रूप से संपन्न, उमड़े हजारों श्रद्धालु

Updated:
विज्ञापन
फोटो | Prabhat Khabar Network

महोत्सव में शामिल श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

आचार्य सुलभ सागर जी महाराज ससंघ का वर्षायोग कलश स्थापना एवं जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव आरा के श्री दिगंबर जैन चंद्रप्रभु मंदिर में भव्य रूप से आयोजित हुआ. इस पावन अवसर पर 48 दिवसीय भक्तामर विधान का आयोजन और ब्रह्मचारिणी निर्मला दीदी को दीक्षा प्रदान की गई.

विज्ञापन

भगवान महावीर मार्ग, जेल रोड स्थित श्री दिगंबर जैन चंद्रप्रभु मंदिर में आचार्य सुलभ सागर जी महाराज ससंघ का पावन वर्षायोग कलश स्थापना एवं जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव भव्य रूप से मनाया गया. सुबह में जिनेन्द्र प्रभु की भक्तिपूर्वक अभिषेक, पूजन एवं शांतिधारा किया गया, वहीं 48 दिवसीय भक्तामर विधान का आयोजन हुआ.

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और ब्रह्मचारिणी निर्मला दीदी को दीक्षा

मीडिया प्रभारी निलेश कुमार जैन ने बताया कि दोपहर के समय में आचार्य संघ का चातुर्मास के निमित्त भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश, सासाराम अनुज कुमार जैन थे.

गुरुदेव का भावपूर्वक उत्कृष्ट द्रवों से पाद प्रक्षालन, पुष्पवृष्टि, मंगल आरती, शास्त्र भेंट, पिच्छी भेंट भक्तों के द्वारा किया गया. आरा जैन समाज के बालक-बालिकाओं, युवा-युवतियों एवं महिलाओं के द्वारा स्वागत गान, संगीत, नाटक एवं मनमोहक भाव नृत्य की प्रस्तुति हुई. आचार्य संघ में शामिल ब्रह्मचारिणी निर्मला दीदी को आचार्य श्री के कर कमलों के द्वारा भव्य जैनेश्वरी दीक्षा दी गई.

विगत तीन दिनों से जैनेश्वरी दीक्षा के निमित्त भव्य मंगल कार्यक्रम संपन्न हो रहा था, जिसमें गोद भराई, हल्दी, मेहंदी, एवं बिनौली यात्रा निकालना, दीक्षार्थी दीदी का कैशलोच इत्यादि कार्यक्रम शामिल हैं.

कलश स्थापना और विभिन्न प्रांतों से पहुंचे भक्तगण

इसके पश्चात प्रथम कलश स्थापना करने का सौभाग्य राजीव कुमार जैन फिरोजाबाद, द्वितीय एवं तृतीय कलश का सौभाग्य उमा-परेश चंद्र जैन एवं 48 सौभाग्यशाली भक्तों के द्वारा 48 भक्तामर मंगल कलश स्थापित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ.

चातुर्मास कलश स्थापना के मंगल कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारतवर्ष के विभिन्न प्रांतों से भक्तगण आरा पहुंचे थे.

इसमें मुख्य रूप से दिल्ली, फिरोजाबाद, कानपुर, जयपुर, रांची, आगरा, हजारीबाग, लखनऊ, बहराइच, बनारस, पटना, कोलकाता के भक्त शामिल थे. उपस्थित सभी भक्तों को आचार्य श्री ने मंगल आशीर्वाद दिया.

संचालन, धार्मिक महत्व और उपस्थित गणमान्य लोग

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशांक जैन ने किया. मुनिसंघ के सचिव अजय कुमार जैन ने बताया कि निर्ग्रंथ मुनि का चातुर्मास करवाना आरा जैन समाज का बड़ा ही सौभाग्य का विषय है. आचार्य संघ के सानिध्य में अनेक धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन चल रहा है. पूरे चातुर्मास तक आत्म कल्याण का शुभ अवसर प्रदान होगा, लोगों में धार्मिक रुचियां बढ़ेंगी तथा संस्कार सिंचन भी होगा.

कार्यक्रम के समापन पर साधर्मी वात्सल्य की व्यवस्था मंदिर परिसर में थी, जिसे सभी भक्तों ने प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया. इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर के अध्यक्ष कमलेश कुमार जैन, उपाध्यक्ष रीना जैन, सचिव डॉ. आदित्य विजय जैन, संयुक्त सचिव बिभु जैन, कोषाध्यक्ष रविश जैन एवं समस्त ट्रस्ट के ट्रस्टीगण, सेवा समिति, उपसमिति के पदाधिकारीगण एवं सदस्यगण के साथ-साथ हजारों की संख्या में गुरुभक्त शामिल थे.


विज्ञापन
Narendra Prasad Sin

लेखक के बारे में

By Narendra Prasad Sin

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन