दानापुर के अंतर्नाद संगीत महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा पर शास्त्रीय संगीत की दिखी छटा, कलाकारों ने मोहा मन

शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर दानापुर के अंतर्नाद संगीत महाविद्यालय में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला. विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन करते हुए शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं.
Patna News: दानापुर के लेखा नगर स्थित इंद्रापुरम कॉलोनी में रविवार को अंतर्नाद संगीत महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई. इस अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिला. विद्यार्थियों ने अपने गुरु का पूजन कर आशीर्वाद लिया और शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.
कार्यक्रम में कोलकाता के प्रसिद्ध गायक देव ज्योति घोष ने अपनी गायन प्रस्तुति से समां बांधा. तबला पर गुरु संतोष कुमार ने संगत की, जबकि हारमोनियम पर अनुदीप डे ने साथ दिया. संगीत की इन प्रस्तुतियों को श्रोताओं ने खूब सराहा.
शास्त्रीय संगीत अनुशासन और आध्यात्मिक चेतना का माध्यम: गुरु संतोष कुमार
इस अवसर पर संगीत गुरु संतोष कुमार ने कहा कि शास्त्रीय संगीत केवल एक कला नहीं, बल्कि अनुशासन, साधना और आध्यात्मिक चेतना का माध्यम है. उन्होंने कहा कि शास्त्रीय संगीत से जुड़ने पर साधक के मन में धार्मिक और आध्यात्मिक आस्था का भाव स्वतः विकसित होता है. इसी कारण संगीत शिक्षक को गुरु का स्थान प्राप्त है. गुरु-शिष्य परंपरा हमें गुरु के प्रति समर्पण, सम्मान और निरंतर साधना का संदेश देती है.
विद्यार्थियों और बाल कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में शास्त्रीय गायन आयुषी स्नेहल और श्रेया ने पेश किया. वहीं बाल कलाकार तबला वादक अर्णव मिश्रा, अंश, केशव, सत्यम, कार्तिक, पवन, राजीव, सुधांशु, सूर्यांश, नव्य, शिवपिया, राज तिवारी, रजनीश, शुभ, ऋषुराज डे, अविनाश सहित अन्य विद्यार्थियों ने गुरु पूजन के बाद स्वर एवं शास्त्रीय संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं. कार्यक्रम का समापन गुरु के आशीर्वाद और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










