Patna News: दानापुर रेल मंडल के पटेल हाल्ट पर 6 महीने से टिकट काउंटर बंद, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन
पटेल हाल्ट, पटना

पटेल हाल्ट, पटना

दानापुर रेल मंडल के पटेल हाल्ट रेलवे स्टेशन पर पिछले छह माह से टिकट बुकिंग काउंटर बंद है. इस कारण यात्रियों को अनारक्षित टिकट लेने के लिए दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और धन दोनों व्यय हो रहा है. बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही सबसे अधिक परेशानी के चलते स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन से जल्द से जल्द काउंटर खुलवाने की मांग की है.

विज्ञापन

Patna News: दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले पटेल हाल्ट रेलवे स्टेशन का टिकट बुकिंग काउंटर पिछले करीब छह माह से बंद पड़ा है. पुराने वेंडर का अनुबंध (रिन्यूअल) नहीं होने और अब तक नए वेंडर के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बुकिंग काउंटर बंद रहने से पटेल हाल्ट से प्रतिदिन यात्रा करने वाले दैनिक यात्री, छात्र, नौकरीपेशा लोग और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को अनारक्षित टिकट लेने के लिए दूसरे रेलवे स्टेशनों का रुख करना पड़ रहा है. इससे यात्रियों का समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ रहे हैं. कई यात्रियों का कहना है कि टिकट लेने के लिए पहले दूसरे स्टेशन जाना पड़ता है, जिसके कारण कई बार ट्रेन भी छूट जाती है.

बुजुर्गों और महिलाओं की बढ़ी मुसीबत, जल्द टेंडर की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि पटेल हाल्ट से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, लेकिन छह माह से टिकट काउंटर बंद रहने के बावजूद रेलवे की ओर से अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है. इससे सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और ग्रामीण इलाकों से आने वाले यात्रियों को हो रही है. स्थानीय निवासियों ने रेल प्रशासन से जल्द से जल्द नए वेंडर की नियुक्ति कर टिकट बुकिंग काउंटर शुरू कराने की मांग की है.

मंडल कार्यालय को भेजा गया है प्रस्ताव: सीटीआई

मामले पर दानापुर रेल मंडल के सीटीआई अजय कुमार ने बताया कि पुराने वेंडर का नवीनीकरण नहीं होने के कारण टिकट बुकिंग काउंटर फिलहाल बंद है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर मंडल कार्यालय को भेज दिया गया है.


विज्ञापन
Monu Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Monu Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन