आरा में पूर्व होमगार्ड जवान की पीट-पीटकर हत्या, परिजनों ने शव रखकर NH किया जाम
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 09 Jun 2026 6:12 PM
सड़कों पर हंगामा करते परिजन व ग्रामीण
Arrah Crime News: भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभनाथ के बथान गांव में महज एक कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक मारपीट हो गई. इस घटना में पूर्व होमगार्ड जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई. मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को जगदीशपुर नया टोला मोड़ के पास सड़क पर रखकर आगजनी और चक्काजाम कर दिया.
Arrah Crime News: (विजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट) भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ शोभनाथ के बथान गांव में महज एक कट्ठा जमीन के टुकड़े के लिए दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. इस हिंसक झड़प में लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटकर एक पक्ष के पूर्व होमगार्ड जवान को मौत के घाट उतार दिया गया. मृतक की पहचान शोभनाथ बथान गांव निवासी स्वर्गीय मोलन सिंह के 65 वर्षीय पुत्र नंद जी सिंह के रूप में हुई है, जो पूर्व में होमगार्ड के जवान रह चुके थे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शोभनाथ बथान निवासी श्री भगवान यादव और दयानंद सिंह के बीच साल 2016 से ही एक कट्ठा जमीन को लेकर पुराना अदालती और स्थानीय विवाद चल रहा है. सोमवार को एक पक्ष का एक व्यक्ति विवादित खेत की तरफ अपने मवेशी चराने के लिए गया था. इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई और दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से भारी संख्या में लोग लाठी, डंडे और लोहे की रॉड लेकर आमने-सामने आ गए और हिंसक मारपीट शुरू हो गई.
लाठी-रॉड से बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
इस खूनी संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और रॉड चले, जिसमें महिला-पुरुष समेत दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए. मारपीट के दौरान दयानंद सिंह के बड़े भाई नंद जी सिंह को दूसरे पक्ष के लोगों ने घेरकर सिर और छाती पर लाठी व लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. उन्हें अत्यंत गंभीर स्थिति में अनुमंडलीय अस्पताल से आरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया.
इस घटना में दयानंद सिंह और चना मुनि देवी सहित कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है. सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान नंद जी सिंह की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया है. उनके परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. उनकी पत्नी की मृत्यु पहले ही हो चुकी है.
पोस्टमार्टम के बाद नया टोला मोड़ पर आगजनी, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
मंगलवार को आरा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा, ग्रामीण और परिजन उग्र हो गए. इंसाफ की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने शव को जगदीशपुर नया टोला मोड़ के समीप मुख्य सड़क पर रख दिया. ग्रामीणों ने बीच सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और यातायात को पूरी तरह ठप कर दिया. सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
घटना और चक्काजाम की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को ढाढस बंधाया और नामजद आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी का भरोसा देकर करीब आधे घंटे बाद जाम को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराया. पुलिस ने इस हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
Also Read: पटना के इस ऐतिहासिक मंदिर का होगा कायाकल्प, एसडीओ ने अतिक्रमणकारियों को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










