सारण की बेटी सबिता महतो ने रचा इतिहास, 19,400 फीट ऊंचे मिग ला पास तक पूरी की अल्ट्रा रन

सबिता महतो
सारण की एंड्योरेंस एथलीट सबिता महतो ने 19,400 फीट की ऊंचाई पर मिग ला पास तक 265 किलोमीटर की अल्ट्रा रन सिर्फ छह दिनों में पूरी कर एक नया कीर्तिमान रचा है. ऑक्सीजन की कमी और बर्फीली हवाओं का सामना करते हुए उन्होंने यह अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है.
बिहार के सारण जिले की एंड्योरेंस एथलीट सबिता महतो ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने लद्दाख के लेह से दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल दर्रों में शामिल मिग ला पास तक 265 किलोमीटर की अल्ट्रा रन सिर्फ छह दिनों में पूरी की. करीब 19,400 फीट की ऊंचाई पर यह अभियान पूरा कर सबिता ने देश का नाम रोशन किया है.
ऑक्सीजन की कमी और बर्फीली हवाओं के बीच मिली सफलता
सबिता का यह अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा. ऊंचाई पर कम ऑक्सीजन, कड़ाके की ठंड, तेज हवाएं, बदलता मौसम और दुर्गम रास्तों के बीच उन्होंने अपनी मंजिल हासिल की. उनके साहस और मजबूत इरादों ने इस कठिन सफर को सफल बनाया.
पानापुर के दियारा क्षेत्र से निकलीं सबिता
सारण के पानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की रहने वाली सबिता महतो ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत से पहचान बनाई. खेल के प्रति जुनून और लगातार अभ्यास के दम पर वह देश की प्रमुख एंड्योरेंस एथलीटों में शामिल हो गई हैं. उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है.
पहले भी कई बड़े अभियान कर चुकी हैं सबिता
सबिता महतो इससे पहले भी कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं. वर्ष 2022 में उन्होंने दिल्ली से उम्लिंग ला पास तक करीब 1200 किलोमीटर की सोलो साइक्लिंग पूरी की थी. इसके अलावा मनाली से उम्लिंग ला पास तक 570 किलोमीटर की अल्ट्रा रन और माउंट एवरेस्ट अभियान में भी हिस्सा ले चुकी हैं. मिग ला पास की यह उपलब्धि उनके साहसिक सफर में एक और बड़ी सफलता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










