नियमानुसार करें पीएम श्री अनुदान से मिली राशि का व्यय : डीएम

बैठक में डीएम ने दिये कई निर्देश
डीएम ने की पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक अररिया. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अररिया आरएस में शनिवार को विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक की गयी. बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष सह जिलाधिकारी विनोद दूहन ने की. मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित थे. बैठक में अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा, अररिया कॉलेज के प्राचार्य प्रो आरडी पासवान, जिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ केके कश्यप, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक निदेशक सुबोध कुमार, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक अमन कुमार राय, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता शिवम सिंह, एसएसबी 52 वीं बटालियन के उप कमांडेंट आनंद प्रकाश यादव, मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल के प्राचार्य पराशर त्यागी व पार्श्व गायक अमर आनंद उपस्थित थे. विद्यालय के प्राचार्य कुमार राघवेंद्र ने अतिथियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. बैठक के दौरान विद्यालय की आर्थिक, शैक्षणिक व प्रशासनिक स्थिति की विस्तृत समीक्षा की. इस क्रम में विद्यालय विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विमर्श किया गया. बैठक में जिलाधिकारी ने पीएम श्री अनुदान के तहत प्राप्त राशि का व्यय नियमानुसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक कराने के निर्देश दिए. कार्यपालक पदाधिकारी अररिया को नियमित रूप से एक कचरा संग्रहण वाहन विद्यालय भेजने का निर्देश दिया. बैठक के बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय के गणित प्रयोगशाला व पुस्तकालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं से संवाद किया. उनका उत्साहवर्धन किया व उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें शुभकामना दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




