फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में डेंटल ओपीडी सेवा शुरू, अब दांतों के इलाज के लिए नहीं काटने होंगे चक्कर

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 26 May 2026 1:04 PM

विज्ञापन

अनुमंडलीय अस्पताल में डेंटल ओपीडी सेवा का शुभारंभ करते अस्पताल उपाधीक्षक व प्रबंधक,उपचार करते चिकित्सक

Hospital Dental OPD: फारबिसगंज और आसपास के सीमांचल क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य के मोर्चे पर एक राहत भरी खबर है. अनुमंडलीय अस्पताल में अब दांतों के गंभीर रोगों के मुफ्त और आधुनिक इलाज के लिए विशेष डेंटल ओपीडी सेवा का आगाज हो गया है.

विज्ञापन

Hospital Dental OPD: अररिया के फारबिसगंज से मो. कलीम उद्दीन की रिपोर्ट: अररिया जिले के फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में दांतों से जुड़ी समस्याओं से परेशान मरीजों के लिए एक बड़ी सौगात मिली है. अस्पताल परिसर में विधिवत डेंटल ओपीडी (Dental OPD) सेवा का शुभारंभ किया गया है. इस नई स्वास्थ्य सेवा की शुरुआत अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार और अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर की. इस मौके पर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ. मुन्ना कुमार और नवनियुक्त डेंटल चिकित्सक डॉ. कृष्ण मोहन सहित कई वरीय चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी मुख्य रूप से मौजूद रहे.

पहले ही दिन से इलाज शुरू, स्थानीय बुद्धिजीवियों ने जताया आभार

अस्पताल में डेंटल ओपीडी सेवा का उद्घाटन होने के तुरंत बाद तैनात दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण मोहन द्वारा ओपीडी में पहुंचे दांत और मसूड़ों की तकलीफ से पीड़ित मरीजों की जांच कर उपचार प्रारंभ कर दिया गया. अनुमंडलीय अस्पताल में इस बेहद जरूरी सेवा के बहाल होने पर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय अस्पताल प्रशासन की इस पहल की सराहना की है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में दंत चिकित्सा सेवा शुरू होने से अब अनुमंडल क्षेत्र की गरीब व मध्यमवर्गीय जनता को महंगे निजी क्लीनिकों में जाने से मुक्ति मिलेगी. अब उन्हें दांतों के उखाड़ने, फिलिंग या अन्य जटिल उपचार के लिए आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान नहीं होना पड़ेगा.

एक ही छत के नीचे मिल रही हैं कई बड़ी स्वास्थ्य सुविधाएं

फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल लगातार अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जिला अस्पताल को टक्कर दे रहा है. अस्पताल के वर्तमान इंफ्रास्ट्रक्चर की बात करें तो:

  • महिला एकीकृत स्वास्थ्य केंद्र: महिलाओं की गंभीर बीमारियों और प्रसव परामर्श के लिए विगत दिनों ही इस विशेष केंद्र की शुरुआत की गई है.
  • नेत्र सहायक ओपीडी: आंख से संबंधित बीमारियों की जांच और परामर्श के लिए पूर्व से ही यह सेवा सुचारू है.
  • हड्डी रोग ओपीडी: हड्डी और जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों के लिए भी विशेष ओपीडी संचालित है, जहां प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ सह पूर्व अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मुन्ना कुमार स्वयं मरीजों का इलाज कर रहे हैं.

सीमित संसाधनों में गुणवत्तापूर्ण इलाज देना प्राथमिकता: अस्पताल प्रबंधक

समारोह के दौरान अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार ने अस्पताल की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य स्वास्थ्य समिति और विभाग के द्वारा वर्तमान में जो भी चिकित्सा संसाधन और उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, उन्हीं का बेहतर प्रबंधन कर अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को सुलभ, सहज और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरा अस्पताल प्रबंधन चौबीसों घंटे सक्रिय रूप से काम कर रहा है.

इस उद्घाटन के अवसर पर मुख्य रूप से अस्पताल के मुख्य लेखापाल राकेश रोशन सहित बड़ी संख्या में जीएनएम, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे. अस्पताल प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे ओपीडी समय में आकर इस निशुल्क सरकारी दंत चिकित्सा सेवा का लाभ उठाएं.

इसे भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण, मधुबनी समेत बिहार के 5 जिलों को मिलेंगे नए पुलिस कप्तान, गृह विभाग का आदेश जारी

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन