इंदौर पटाखा फैक्ट्री हादसे के पीड़ितों से मिले सांसद पप्पू यादव, 20 हजार की नकद सहायता दी
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 19 May 2026 3:58 PM
मृतक के परिजनों से मुलाकात करते सांसद पप्पू यादव
मध्य प्रदेश के इंदौर में पटाखा फैक्ट्री में हुए दर्दनाक अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सोमवार देर रात अररिया के नरपतगंज पहुंचे. सांसद ने गोखलापुर गांव में मृतक मजदूरों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाँढस बंधाया और पीड़ित परिवारों को 20-20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक मदद दी.
अररिया के नरपतगंज से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट:
सांसद को देख दहाड़ मारकर रो पड़े परिजन, पप्पू यादव ने पोंछे आंसू
इंदौर पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में नरपतगंज प्रखंड के गोखलापुर पंचायत के दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही सांसद पप्पू यादव देर रात्रि पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे. वे गोखलापुर पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी मृतक 18 वर्षीय अमर कुमार (पिता विजय राम) और अमन कुमार (पिता मनोज पासवान) के घर पहुंचे. सांसद के पहुंचते ही मृतक युवकों के परिजन दहाड़ मारकर रो पड़े, जिसके बाद भावुक हुए सांसद ने परिजनों के आंसू पोंछे और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. इस दौरान सांसद के काफिले के साथ सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे.
अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री, बीजेपी सांसद के रिश्तेदार पर आरोप
सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवारों से घटना की विस्तृत जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने मौके से ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से फोन पर संपर्क साधने की कोशिश की, हालांकि व्यस्तता के कारण संपर्क नहीं हो सका. मीडिया से बात करते हुए सांसद ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि गरीब मजदूरों का बेरहमी से शोषण किया गया है. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस पटाखा फैक्ट्री में यह भीषण अग्निकांड हुआ, वह बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित हो रही थी. उन्होंने दावा किया कि यह फैक्ट्री भाजपा के एक सांसद के रिश्तेदार की है, जिसके कारण दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा सकता है.
सुपौल के मृतकों के घर भी जाएंगे सांसद, कार्रवाई की मांग
सांसद पप्पू यादव ने साफ शब्दों में कहा कि वे इस मामले को दबाने नहीं देंगे और अवैध रूप से फैक्ट्री चलाने वाले मुख्य संचालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करवा कर रहेंगे. उन्होंने बताया कि इंदौर के इस अग्निकांड में नरपतगंज के चार मजदूरों के अलावा पड़ोसी जिले सुपौल के भी कुछ मजदूरों की मौत होने की बात सामने आई है. सांसद ने घोषणा की कि वे सुपौल के भी सभी मृतक मजदूरों के घर जाएंगे और अपनी तरफ से पीड़ित परिवारों को नकद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएंगे, ताकि दुख की इस घड़ी में उन्हें संबल मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










