नगर परिषद के कैबिनेट के लिए कल होगा चुनाव, जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू

Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 14 Apr 2026 7:57 PM

विज्ञापन

नगर परिषद के कैबिनेट के लिए 16 अप्रैल को प्रभारी दंडाधिकारी सह एसडीओ के कार्यालय में सशक्त स्थाई समिति के लिए चुनाव होगा.

विज्ञापन

सशक्त स्थाई समिति के चुनाव को लेकर एसडीओ का बनाया गया है प्रभारी दंडाधिकारी

सशक्त स्थाई सदस्य के लिए तीन सदस्यों का होना है चयन, 29 पार्षद वोटिंग के जरिये चुनेंगे सदस्य

मृगेंद्र मणि सिंह, अररिया. नगर परिषद के कैबिनेट के लिए 16 अप्रैल को प्रभारी दंडाधिकारी सह एसडीओ के कार्यालय में सशक्त स्थाई समिति के लिए चुनाव होगा. सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. सुबह 08 बजे से लेकर शाम तक का समय भी निर्धारित हो गया है. एसडीओ सह प्रभारी दंडाधिकारी बलवीर दास ने बताया कि सशक्त स्थाई समिति के लिए 16 अप्रैल गुरुवार को चुनाव होगा. सुबह 08 बजे से सशक्त स्थाई समिति के तीन पदों के लिए अररिया के 29 पार्षद चुनाव में भाग लेंगे. बताया कि इस दिन ही तीनों सदस्य पदों का नामांकन, वोटिंग व शपथग्रहण भी कराया जायेगा.

एक पक्ष से चार, तो एक पक्ष से तीन नामों की चर्चा

इधर चुनाव को लेकर नगर परिषद अररिया की राजनीति एक बार पुन: गरमा गयी है, सूत्रों की मानें तो नगर परिषद के 29 पार्षद खेमों में बंटे हुए हैं. एक पक्ष का नेतृत्व मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद के हाथों में है तो दूसरे पक्ष का नेतृत्व विरोधी गुट के पार्षद के हाथों में है. एक पक्ष में 16 पार्षदों का खेमा है तो दूसरे पक्ष में 13 पार्षदों का जमावड़ा है. सूत्रों की मानें तो सशक्त स्थाई समिति के तीन पदों के लिए दोनों गुटों से सात उम्मीदवारों के नामों की चर्चा है, इसमें मुख्य पार्षद या कहें तो एक पक्ष से चार पार्षदों के नामों की चर्चा है तो दूसरे पक्ष से तीन उम्मीदवारों के नामों की चर्चा है. हालांकि, दोनों हीं खेमा से उम्मीदवारों की संख्या तीन-तीन ही रहेगी. यह भी तय है. इसमें आम सहमति भी बन जायेगी व बुधवार को नामों का खुलासा हो जायेगा, लेकिन काफी लंबे समय के बाद एक बार पार्षदों की पूछ बढ़ गयी है. पार्षद भी बाहर घुम कर मनोरंजन कर रहे हैं व अररिया में सरगर्मी बढ़ाये हुए हैं.

कैसे होगा चुनाव

सशक्त स्थाई समिति के लिए 29 सदस्यों के द्वारा मतदान करना है. मतदान के लिए सही या क्रॉस मार्क चिह्नित किया जा सकता है. तीन सदस्यों को अपनी दावेदारी के लिए 15 सदस्यों का बहुमत होना आवश्यक है. जिनके पास 15 सदस्यों का कम से कम वोटिंग होगा वे ही सदस्य के रूप में निर्वाचित होंगे. जिन्हें 16 अप्रैल को ही प्रमाणपत्र भी दे दिया जायेगा. एक पक्ष से वार्ड 16 की पार्षद नीतू कुमारी, वार्ड 20 की पार्षद गजाला तहरवीन व वार्ड 29 के पार्षद अबुल कलाम के नाम की चर्चा है तो दूसरी पक्ष से वार्ड 07 के पार्षद श्याम मंडल, वार्ड 10 की पार्षद डिंपल देवी, वार्ड 19 की पार्षद सोफिया प्रवीण व वार्ड 05 की पार्षद नगमा शाहीन के नामों की चर्चा है. हालांकि, एक पक्ष से जिन चार उम्मीदवारों के नामों की चर्चा है, उनमें से दो अल्पसंख्यकों में से एक को मनाने का प्रयास जारी है.

विज्ञापन
MRIGENDRA MANI SINGH

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन