ससमय एलपीजी आपूर्ति करें सुनिश्चित

Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 01 Apr 2026 10:41 PM

विज्ञापन

प्रभारी सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिये गये जरूरी निर्देश

विज्ञापन

जिले में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाये रखने के लिए उच्चाधिकारियों की हुई बैठक

अररिया. जिले में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर राज्य के प्रभारी सचिव के प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में जिला स्तर पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता कपिल अशोक सचिव डेयरी, मत्स्य व पशु संसाधन विभाग सह प्रभारी जिला सचिव अररिया ने की. बैठक में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने पर दिया जोर

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से उत्पन्न में आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की उपलब्धता, प्रवासी श्रमिकों के हितों की सुरक्षा तथा अन्य संबंधित विषयों को लेकर हुई समीक्षा के दौरान एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था के तहत स्टॉक, बैकलॉग की स्थिति, कंट्रोल रूम संचालन, डेली मीडिया ब्रीफिंग, जिले में पीएनजी उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गयी. सचिव ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रभावी प्रवर्तन, खाद्य पदार्थों की मूल्य प्रवृत्ति पर सतत निगरानी व किसी भी प्रकार की कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त निर्देश दिये. विशेष रूप से उपभोक्ताओं तक ससमय एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने, उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने व सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने पर बल दिया गया.

प्रवासी श्रमिकों की स्थिति की हुई गहन समीक्षा

बैठक में प्रवासी श्रमिकों की स्थिति की भी गहन समीक्षा की गयी. संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिले से बाहर कार्यरत श्रमिकों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाये. उनके परिजनों के साथ सतत संपर्क बनाये रखा जाये. इसके अलावा दीदी की रसोई व सरकारी हॉस्टलों के संचालन को सुचारू रखने के निर्देश दिये गये. ताकि जरूरतमंदों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. एलपीजी को लेकर संभावित घबराहट की स्थिति से बचने के लिए आम जनता के साथ संवाद स्थापित करने व अफवाहों और फर्जी खबरों के त्वरित खंडन के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने पर भी बल दिया गया. बैठक के पश्चात सचिव द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष व जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न गैस गोदामों का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया.

मौके पर थे मौजूद

मौके पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं विभिन्न तेल कंपनियों के एरिया मैनेजर उपस्थित थे.

विज्ञापन
MRIGENDRA MANI SINGH

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन