बीडीओ व एमओ ने गैस एजेंसी का किया निरीक्षण

एलपीजी की किल्लत व कालाबाजारी की रोकथाम को लेकर प्रशासन सख्त
सिकटी. प्रखंड क्षेत्र में एलपीजी की किल्लत व कालाबाजारी की रोकथाम को लेकर बीडीओ परवेज आलम व एमओ धर्मेश ठाकुर ने सिकटी स्थित भारत गैस के गोदाम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रमीला गैस एजेंसी के गैस स्टॉक व वितरण का स्थलीय निरीक्षण कर बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस स्टॉक, कॉमर्शियल गैस सिलिंडर व वितरण व्यवस्था की एजेंसी डीलर से जानकारी ली. निरीक्षण के बाद एमओ ने बताया कि गोदाम में पर्याप्त मात्रा में भरा सिलिंडर उपलब्ध है. उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलिंडर मिल रहा है. हालांकि सिलिंडर लेने के लिए गोदाम परिसर में ग्राहकों की लंबी कतार देखने को मिली. अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में गैस बुकिंग की समय सीमा 45 दिन व शहरी क्षेत्रों में 25 दिन निर्धारित की गयी है. लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में कई उपभोक्ताओं की गैस 25 से 30 दिन में ही खत्म हो जाती है. इसके कारण गैस एजेंसियों पर भीड़ अधिक हो जाती है. इस दौरान बीडीओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ता गैस लेने के लिए अनावश्यक भीड़ न लगाएं, लाइन में व्यवस्थित तरीके से गैस प्राप्त करें. उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की गलत अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है. एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. यदि कोई सरकारी दर से ज्यादा रुपये की मांग करता है या कालाबाजारी करता है, तो ऐसे लोगों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




