अररिया में मुहर्रम जुलूस के दौरान पत्थरबाजी, आधा दर्जन लोग घायल, कई दुकानों के शीशे टूटे

Edited by AJEET KUMAR
Updated:
विज्ञापन

पथराव की घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस व एसएसबी जवान.

जोगबनी के चाणक्य चौक स्थित करबला मैदान में मुहर्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ताजिया जुलूस के बीच अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई. घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि आसपास की कई दुकानों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए.

विज्ञापन
जोगबनी (अररिया) से सुदीप भारती की रिपोर्ट

Arariya News : मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को चाणक्य चौक स्थित करबला मैदान में ताजिया जुलूस के दौरान अचानक हुई पत्थरबाजी से अफरा-तफरी मच गई. घटना में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि आसपास की कई दुकानों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. हालांकि पुलिस और एसएसबी की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नेपाल के मटियरवा (रानी) क्षेत्र से ताजिया के साथ आए जुलूस के दौरान अचानक लुक्का के साथ-साथ पत्थरबाजी शुरू हो गई. उस समय करबला मैदान में जोगबनी के विभिन्न मोहल्लों से आए ताजिया जुलूस भी मौजूद थे. अचानक हुई पत्थरबाजी से लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए. वहीं, आसपास की दुकानों पर भी पत्थर लगने से उनके शीशे टूट गए और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा.

एसएसबी व पुलिस की सतर्कता से सामान्य हुआ माहौल

घटना की सूचना मिलते ही जोगबनी कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार, थानाध्यक्ष महादेव कामत तथा एसएसबी के अधिकारी हरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और एसएसबी के जवानों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए भीड़ को तितर-बितर किया. पुलिस के हस्तक्षेप और बल प्रयोग के बाद उपद्रव करने वाले लोग मौके से भाग निकले, जिससे स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी. एसएसबी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त टुकड़ी भेजी जिसके बाद भीड़ को काबू किया गया.

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

घटना के बाद पूरे करबला मैदान और आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. चाणक्य चौक सहित संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो.

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उपलब्ध वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ : बिहार में 1 रुपये क्यों दी गई 15 एकड़ जमीन? सरकार का मेगा प्लान जानिए

विज्ञापन
AJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By AJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन