भारत-नेपाल सीमा पर तंबाकू तस्करी का भंडाफोड़, SSB ने 120 किलो माल के साथ एक आरोपी पकड़ा

Updated:
विज्ञापन

तम्बाकू के साथ गिरफ्तार तस्कर की जानकारी देते एसएसबी जवान व निरीक्षक | Prabhat Khabar Network

सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है. इस कार्रवाई में 120 किलोग्राम तंबाकू जब्त किया गया है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

Araria News: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 किलोग्राम तंबाकू जब्त किया है. अररिया जिले में 52वीं वाहिनी SSB की नाकेबंदी के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे. बरामद तंबाकू को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

यह कार्रवाई सीमा पर तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई. SSB अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में सीमा क्षेत्र में अवैध आवागमन और तस्करी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है.

गुप्त सूचना पर रात में बिछाया गया नाका

SSB को सोमवार देर रात करीब 3:10 बजे सूचना मिली कि पिलर संख्या 164/1 के रास्ते तंबाकू की बड़ी खेप भारत से नेपाल भेजी जा सकती है.

सूचना मिलते ही निरीक्षक राजवीर मीणा के नेतृत्व में बाह्य सीमा चौकी मजरख के जवानों ने विशेष नाकेबंदी की और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी.

बोका मजरख गांव के पास पकड़ा गया तस्कर

नाकेबंदी के दौरान पिलर संख्या 164/1 से लगभग 50 मीटर भारतीय क्षेत्र में स्थित गांव बोका मजरख के पास जवानों ने 4-5 संदिग्ध लोगों को पीले रंग की प्लास्टिक बोरियों में सामान लेकर भारत से नेपाल की ओर जाते देखा.

जब SSB जवानों ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, तो सभी संदिग्ध भागने लगे. घेराबंदी के दौरान अरुण मंडल नामक एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि उसके चार साथी नेपाल सीमा की ओर भाग निकले.

पांच बोरियों से मिला 120 किलो तंबाकू

गिरफ्तार आरोपी की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें मौके से पांच प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 120 किलोग्राम तंबाकू बरामद हुआ.

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जब्त तंबाकू बोका मजरख निवासी समीर खान से लिया गया था. SSB अब इस मामले में फरार आरोपियों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

कस्टम विभाग को सौंपा गया जब्त माल

SSB ने गिरफ्तार आरोपी और जब्त तंबाकू को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, फारबिसगंज को सुपुर्द कर दिया है.

कस्टम विभाग अब बरामद तंबाकू की कीमत, तस्करी के नेटवर्क और सीमा पार सप्लाई चैन की जांच करेगा.

Araria News: सीमा पर निगरानी और सख्त की जाएगी

52वीं वाहिनी SSB के कार्यवाहक कमांडेंट आलोक कुमार ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, अवैध आवागमन और अन्य सीमा-विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है.

उन्होंने कहा कि अन्य सुरक्षा और राजस्व एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सीमा क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.

Also Read: पूर्वोत्तर भारत का इंडस्ट्रियल हब बनेगा बिहार, करोड़ों के प्रोजेक्ट्स से बदलेगी सूरत, कुछ ऐसा है मास्टर प्लान

Also Read: अगर RJD छोड़ देता तो आज डिप्टी CM होता', भाई वीरेंद्र बोले- लालू के साथ रहने के लिए बहुत त्याग किया


विज्ञापन
राहुल सिंह

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन