अररिया रेलवे स्टेशन पर RPF की सख्ती, ऑपरेशन आहट के तहत यात्रियों को किया जागरूक

Updated:
विज्ञापन

यात्रियों को जागरूक करते आरपीएफ की टीम | Prabhat Khabar Network

अररिया रेलवे स्टेशन पर RPF द्वारा 'ऑपरेशन आहट' के तहत एक बड़ा जागरूकता अभियान चलाया गया. इसका मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी, बाल श्रम और बच्चों के शोषण को रोकना है. अभियान में यात्रियों, दुकानदारों और ऑटो चालकों को महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश दिए गए.

विज्ञापन

Araria News: अररिया जिला मुख्यालय रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘ऑपरेशन आहट’ के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया. इस अभियान का उद्देश्य मानव तस्करी, बाल तस्करी, बाल श्रम और बच्चों के शोषण जैसी घटनाओं को रोकना और आम लोगों को सतर्क बनाना था.

यह अभियान आरपीएफ रेल प्रमंडल कटिहार के ओपी अररिया कोर्ट, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन और जागरण कल्याण भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया.

स्टेशन परिसर में हुई समन्वय बैठक

अभियान की शुरुआत रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित समन्वय बैठक से हुई. बैठक की अध्यक्षता ओपी अररिया कोर्ट के प्रभारी एसआई विके विश्वास ने की.

बैठक में आरपीएफ के जवानों के साथ स्टेशन के दुकानदार, ऑटो और टोटो चालक, ग्रामीण और ट्रेन संख्या 13159 के यात्री भी शामिल हुए. जागरण कल्याण भारती की ओर से विक्रम कुमार साह और सगमलाल पासवान ने अभियान में सहयोग किया.

यात्रियों को दिए गए महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश

अधिकारियों ने लोगों को बताया कि यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई बच्चा अकेला, डरा-सहमा, परेशान या किसी संदिग्ध व्यक्ति के साथ दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ, रेलवे अधिकारियों या स्थानीय पुलिस को दें.

इसके साथ ही लोगों से अपील की गई कि बाल श्रम में लगे बच्चों को देखकर चुप न रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाएं. अभियान के दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच जागरूकता पर्चे वितरित किए गए और रेलवे हेल्पलाइन तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों का भी प्रचार-प्रसार किया गया.

‘ऑपरेशन आहट’ का उद्देश्य क्या है

एसआई विके विश्वास ने बताया कि ‘ऑपरेशन आहट’ का उद्देश्य केवल तस्करी के मामलों में कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि समाज में ऐसी जागरूकता पैदा करना है जिससे मानव और बाल तस्करी की घटनाओं को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके.

उन्होंने कहा कि जब आम नागरिक सतर्क होंगे और समय पर सूचना देंगे, तभी तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार संभव होगा.

Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ

Araria News: स्टेशन पर गश्त कर लोगों से किया सीधा संवाद

कार्यक्रम के अंत में आरपीएफ टीम ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म क्षेत्रों में गश्त की. अधिकारियों ने यात्रियों, दुकानदारों और वाहन चालकों से सीधे बातचीत कर उन्हें जागरूक किया और सहयोग की अपील की.

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि अररिया जैसे सीमावर्ती और आवागमन वाले क्षेत्रों में इस तरह के अभियान मानव और बाल तस्करी रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.

Also Read: बांकीपुर में BJP की हार की अंदरूनी कहानी, समीक्षा बैठक में खुलीं कई परतें, नैरेटिव से लेकर राशन कार्ड तक पर हुई चर्चा



विज्ञापन
राहुल सिंह

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन