आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में प्रवेश प्रक्रिया आज से शुरू

पहले आने वाले छात्रों को नामांकन में प्राथमिकता दी जायेगी
अररिया. आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया 02 मई यानी शनिवार से शुरू हो रही है. कला व संस्कृति विभाग बिहार सरकार व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में संचालित आम्रपाली प्रक्षिक्षण केंद्र में सत्र 2026-27 के इस सत्र में एक वर्षीय डिप्लोमा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के लिए योग्य छात्रों का नामांकन लिया जायेगा. इसके अंतर्गत नामांकित छात्रों को व्यवस्थित व गुणवत्तापूर्ण तरीके से संबंधित विधाओं में प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा. केंद्र में हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायन खयाल, हिन्दुस्तानी शास्त्रीय नृत्य कथक व भरतनाट्यम्, तबला वादन की विधाओं में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जायेगा. प्रशिक्षण प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से सायं 06:00 बजे तक संचालित होगा. जबकि प्रत्येक सोमवार को केंद्र बंद रहेगा. यह प्रशिक्षण व प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है. ताकि अधिक से अधिक इच्छुक छात्र भारतीय शास्त्रीय कलाओं से जुड़कर अपनी प्रतिभा को निखार सकें. प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 06 वर्ष निर्धारित की गयी है. वहीं किसी भी वर्ग या समुदाय के इच्छुक अभ्यर्थी नामांकन के पात्र हैं. इच्छुक विद्यार्थी 02 मई से शहर के रानीगंज रॉड स्थित विजय मार्केट के द्वितीय तल पर स्थित आम्रपाली प्रक्षिक्षण केंद्र कार्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश से जुड़ी निर्धारित प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं. नामांकन के समय पासपोर्ट आकार फोटो, आधार कार्ड की प्रति व आवश्यक सामान्य विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य है. जिला कला व संस्कृति पदाधिकारी सान्याल कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण सीमित सीटों के आधार पर किया जाना है. पहले आने वाले छात्रों को नामांकन में प्राथमिकता दी जायेगी. इस संबंध में अधिक जानकारी के लिये जिला कला व संस्कृति कार्यालय सह आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र से संपर्क किया जा सकता है. साथ ही डाटा इंट्री ऑपरेटर कमल कुमार के मोबाइल संख्या 91627 23062 पर भी संपर्क किया जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










