उबेर कप बैडमिंटन टूर्नामेंट : भारतीय महिलाएं क्वार्टर फाइनल में, पुरुष टीम बाहर

Published at :18 May 2016 6:51 PM (IST)
विज्ञापन
उबेर कप बैडमिंटन टूर्नामेंट : भारतीय महिलाएं क्वार्टर फाइनल में, पुरुष टीम बाहर

कुनशान (चीन) : भारतीय महिला टीम आज यहां ग्रुप डी के अपने तीसरे और अंतिम मैच में जापान से 2-3 के करीबी अंतर से हारने के बावजूद उबेर कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही लेकिन थामस कप में पुरुष टीम का लचर प्रदर्शन जारी रहा और ग्रुप बी में […]

विज्ञापन

कुनशान (चीन) : भारतीय महिला टीम आज यहां ग्रुप डी के अपने तीसरे और अंतिम मैच में जापान से 2-3 के करीबी अंतर से हारने के बावजूद उबेर कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही लेकिन थामस कप में पुरुष टीम का लचर प्रदर्शन जारी रहा और ग्रुप बी में अपने तीसरे मैच में इंडोनेशिया से 0-5 से हारने के कारण वह बाहर हो गयी.

भारतीय पुरुष टीम इससे पहले थाईलैंड और हांगकांग से भी हार गयी थी और इस तरह से उसे चीन में एक भी जीत नहीं मिली. उबेर कप में स्टार शटलर साइना नेहवाल और पी वी सिंधु ने पहले दो एकल में सीधे गेम में जीत दर्ज की लेकिन भारतीय महिला टीम 2014 के उप विजेता जापान से दो युगल और तीसरा एकल मैच नहीं जीत पायी.

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना ने विश्व में पांचवें नंबर की नोजोमी ओकुहारा को 38 मिनट तक चले मैच में 21-18, 21-6 से हराकर पिछले साल दुबई विश्व सुपरसीरीज फाइनल्स में मिली हार का बदला चुकता किया. इससे भारत ने 1-0 की बढ़त बनायी.

दूसरे एकल में दो बार की विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता पी वी सिंधु ने दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी अकाने यमागुची के खिलाफ 36 मिनट तक चले मैच में 21-11 21-18 से हराया. हालांकि पहले युगल में ज्वाला गुट्टा और एन सिक्की रेड्डी को विश्व में नंबर एक जोड़ी मिसाकी मास्तुतोमो और अयाका तकाहाशी का सामना करना पड़ा और वे बिना खास संघर्ष के 11-21 8-21 से हार गयी.

दूसरे एकल में रित्विको शिवानी गाडे पर दारोमदार था. उनके सामने विश्व की 12वें नंबर की खिलाड़ी सयाको सातो थी लेकिन भारतीय खिलाड़ी 29 मिनट में 7-21 14-21 से हार गयी. निर्णायक मैच में अश्विनी पोनप्पा ने सिंधु के साथ जोड़ी बनायी लेकिन तीन गेम तक चले मैच में उन्हें शिजुका मात्सुओ और मामी नाइतो से 21-15 19-21 16-21 से हार झेलनी पड़ी.

भारत हालांकि तब भी नाकआउट में जगह बनाने में सफल रहा क्योंकि आस्ट्रेलिया और जर्मनी पर जीत से वह ग्रुप डी में जापान के बाद दूसरे स्थान पर रहा. प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रही दो टीमों ने नाकआउट चरण में जगह बनायी. क्वार्टर फाइनल के लिये फिर से ड्रा डाला जाएगा. पुरुष टीम ने हालांकि निराशाजनक प्रदर्शन किया और इंडानेशिया के सामने उनकी एक नहीं चली.

विश्व में 21वें नंबर के खिलाड़ी अजय जयराम को 19वें नंबर के क्रिस्टीन जोनाथन के हाथों 37 मिनट तक चले मैच में 14-21 12-21 से हार झेलनी पड़ी. मनु अत्री और अक्षय देवालकर पहले युगल में अंगा प्रतामा और रिकी कर्नाड सुवार्डी से 28 मिनट में 18-21 17-21 से हार गये.

बी साई प्रणीत से काफी उम्मीद थी लेकिन वह गिंटिंग एंथनी से 56 मिनट में 21-18 11-21 15-21 से हार गये जिससे इंडोनेशिया ने 3-0 से अजेय बढ़त बनायी. दूसरे युगल में सुमित रेड्डी और सात्विकसाईराज रानिकरेड्डी को गिडियोन मार्कस फर्नाल्डी और हेंड्रा सेतियावान के हाथों 9-21 18-21 से जबकि तीसरे एकल में अहसान मौलाना मुस्तफा से 10-21 22-20 13-21 से हार गये.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola