ब्रेवस्टर की टूर्नामेंट में दूसरी हैट्रिक, ब्राजील को 3-1 से हराकर इंग्लैंड फाइनल में

Published at :25 Oct 2017 9:22 PM (IST)
विज्ञापन
ब्रेवस्टर की टूर्नामेंट में दूसरी हैट्रिक, ब्राजील को 3-1 से हराकर इंग्लैंड फाइनल में

कोलकाता : रियान ब्रेवस्टर ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को यहां टूर्नामेंट की दूसरी हैट्रिक जमायी जिससे इंग्लैंड ने खिताब के प्रबल दावेदार और दर्शकों के चहेते ब्राजील को 3-1 से शिकस्त देकर पहली बार फीफा अंडर-17 फुटबाल विश्व कप के फाइनल में जगह बनायी. इससे पहले अमेरिका के खिलाफ क्वार्टर फाइनल […]

विज्ञापन

कोलकाता : रियान ब्रेवस्टर ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को यहां टूर्नामेंट की दूसरी हैट्रिक जमायी जिससे इंग्लैंड ने खिताब के प्रबल दावेदार और दर्शकों के चहेते ब्राजील को 3-1 से शिकस्त देकर पहली बार फीफा अंडर-17 फुटबाल विश्व कप के फाइनल में जगह बनायी. इससे पहले अमेरिका के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में हैट्रिक बनानेवाले ब्रेवस्टर ने 10वें, 39वें और 77वें मिनट में गोल करके विवेकानंद युवा भारती क्रीडांगन में भारी संख्या में मौजूद ब्राजीली समर्थकों को निराश किया. ब्राजील की तरफ से एकमात्र गोल वेस्ले ने 21वें मिनट में किया.

यह पहला अवसर है जबकि इंग्लैंड की टीम अंडर-17 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है, जबकि तीन बार के चैंपियन ब्राजील का 2003 के बाद पहला खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हो गया. इंग्लैंड शनिवार को यहीं होनेवाले फाइनल में स्पेन और माली के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा. यह मैच पहले गुवाहाटी में होना था, लेकिन अंतिम क्षणों में कोलकाता को इसकी मेजबानी सौंपी गयी इसके बावजूद यहां 63,881 दर्शक पहुंचे थे. दर्शकों का ब्राजील को भरपूर समर्थन मिल रहा था, लेकिन इंग्लैंड की टीम और उसके चंद समर्थकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि उनकी टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया.

इंग्लैंड के मिडफील्डर एमिली स्मिथ रोव भी अपनी टीम का हौसला बढ़ाने के लिए यहां उपस्थित थे. दर्शकों का अपार समर्थन भी ब्राजीली खिलाड़ियों से उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं करवा पाया. लिवरपूल के स्ट्राइकर ब्रेवस्टर ने कैलम हडसन ओडोइ के क्रास पर रिबाउंड पर गोल करके इंग्लैंड को दसवें मिनट में बढ़त दिला दी थी. ब्राजील ने हालांकि वेस्ले के गोल से बराबरी करके मैच को रोमांचक मोड़ दे दिया. इंग्लैंड के गोलकीपर कुर्टिस एंडरसन ने पालिन्हो का ताकतवर शाट तो रोक दिया, लेकिन वेस्ले के शाॅट का उनके पास कोई जवाब नहीं था. जब मैच रोमांचक बन रहा था तभी ब्रेवस्टर ने स्टीव सेसेगनन के क्रास पर गोल करके इंग्लैंड को फिर से बढ़त दिला दी. यह उनका छठा गोल था जिससे वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करनेवाले खिलाड़ी भी बन गये. इससे यूरोपीय टीम ने मध्यांतर तक 2-1 से बढ़त बना रखी थी.

ब्राजील के समर्थकों को हालांकि उम्मीद थी कि जिस तरह से जर्मनी के खिलाफ दक्षिण अमेरिकी टीम ने दूसरे हाफ में वापसी करके दो गोल दागे थे, वह यहां भी इसी तरह का चमत्कार दिखायेगी. इंग्लैंड ने हालांकि जर्मनी जैसी गलती नहीं की और अपनी पूरी ताकत गोल बचाने में लगा दी. ब्राजील की बराबरी की गोल दागने की बेताबी आखिर में उसे महंगी पड़ी क्योंकि इससे उसका रक्षण कमजोर हो गया. ब्रेवस्टर ने इसका फायदा उठाकर स्थानापन्न एमिले स्मिथ रोव के नीचे रहते क्रास पर अपना तीसरा गोल दाग दिया. अब ब्रेवस्टर के नाम पर टूर्नामेंट में तीन गोल दर्ज हो गये हैं. ब्राजील को अब तीसरे स्थान का मैच खेलना होगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola