क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जॉर्जिना रोड्रिगेज से की शादी, 10 साल बाद बने पति-पत्नी

Updated:
विज्ञापन

शादी के बंधन में बंधे क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रोड्रिगेज (एक्स)

Cristiano Ronaldo wedding: क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रोड्रिगेज ने 11 अगस्त को पुर्तगाल में शादी कर ली. 10 साल के रिश्ते के बाद, दोनों ने परिवार की मौजूदगी में सात फेरे लिए.

विज्ञापन

Cristiano Ronaldo wedding: पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी लंबे समय से पार्टनर और मॉडल-इन्फ्लुएंसर जॉर्जिना रोड्रिगेज के साथ शादी कर ली है. पुर्तगाली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने 11 अगस्त को पुर्तगाल के तटीय शहर कैस्केस में एक सिविल समारोह में शादी की. इस खास मौके पर उनके पांचों बच्चों के भी मौजूद रहने की बात कही जा रही है.

View on Instagram

रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर शेयर किया फोटो

रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर अपनी शादी की खबर को सार्वजनिक किया. तस्वीर में दो हाथ नजर आ रहे हैं, जिनमें शादी की अंगूठियां दिखाई दे रही हैं. माना जा रहा है कि इनमें से एक हाथ रोनाल्डो और दूसरा जॉर्जिना का है. पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पोस्ट किए जाने के महज 30 मिनट के भीतर इसे 30 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके थे.

शादी के बंधन में बंधे रोनाल्डो-जॉर्जिना

क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रोड्रिगेज करीब एक दशक से साथ हैं. दोनों की मुलाकात मैड्रिड में हुई थी. उस समय जॉर्जिना एक गुच्ची स्टोर में काम करती थीं, जबकि रोनाल्डो स्पेनिश क्लब रियल मैड्रिड के लिए खेल रहे थे. समय के साथ दोनों का रिश्ता मजबूत होता गया और जॉर्जिना रोनाल्डो के निजी जीवन के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन में भी लगातार उनके साथ नजर आती रहीं. दोनों ने अपने रिश्ते और परिवार की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं.

पिछले साल किया था सगाई का ऐलान

रोनाल्डो और जॉर्जिना ने पिछले साल 11 अगस्त को अपनी सगाई की घोषणा की थी. जॉर्जिना ने उस समय सोशल मीडिया पर एक बड़ी अंगूठी वाली तस्वीर साझा की थी. उन्होंने स्पेनिश भाषा में लिखा था, जिसका अर्थ था-“हां, मैं करती हूं. इस जीवन में भी और अपनी सभी जिंदगियों में भी.” सगाई के बाद से ही दोनों की शादी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं. अब करीब एक साल बाद उनके शादी करने की खबर सामने आई है.

पांचों बच्चे भी समारोह में रहे मौजूद

रोनाल्डो और जॉर्जिना के परिवार की बात करें तो दोनों के पांच बच्चे हैं और रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी के समारोह में बच्चे भी शामिल हुए. रोनाल्डो अपने पारिवारिक जीवन को लेकर काफी निजी रहे हैं, हालांकि जॉर्जिना के साथ वह अक्सर परिवार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हैं. जॉर्जिना ने रोनाल्डो के बच्चों की परवरिश में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और दोनों लंबे समय से एक परिवार के रूप में साथ नजर आते रहे हैं.

करीब 1,000 गोल के बेहद करीब रोनाल्डो

फुटबॉल के मैदान पर भी रोनाल्डो का शानदार करियर जारी है. पुर्तगाली स्टार ने अपने करियर में स्पोर्टिंग लिस्बन, मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड, जुवेंटस और सऊदी अरब के अल-नस्र जैसे बड़े क्लबों के लिए खेला है. वह पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के भी लंबे समय से प्रमुख खिलाड़ी रहे हैं. रोनाल्डो अपने करियर में करीब 1,000 गोल के आंकड़े तक पहुंचने के बेहद करीब हैं. उनकी गोल स्कोरिंग क्षमता ने उन्हें फुटबॉल इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल किया है.

छठे वर्ल्ड कप में उतरकर बनाया रिकॉर्ड

रोनाल्डो ने हाल ही में अपने छठे फीफा वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया. पुरुष वर्ल्ड कप के इतिहास में छह अलग-अलग संस्करणों में खेलने का रिकॉर्ड उनके नाम है, जिसे वह अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के साथ साझा करते हैं. फुटबॉल के मैदान पर लगातार रिकॉर्ड बनाने वाले रोनाल्डो के लिए अब निजी जिंदगी में भी एक बड़ा अध्याय जुड़ गया है. करीब 10 साल लंबे रिश्ते के बाद जॉर्जिना रोड्रिगेज के साथ उनकी शादी ने उनके प्रशंसकों के बीच भी खुशी की लहर पैदा कर दी है.

सोशल मीडिया पर छाई शादी की खबर

रोनाल्डो की शादी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रशंसकों और फुटबॉल जगत में इसकी चर्चा तेज हो गई. शादी की आधिकारिक घोषणा के तौर पर साझा की गई अंगूठियों वाली तस्वीर ने कुछ ही समय में लाखों लोगों का ध्यान खींच लिया. रोनाल्डो और जॉर्जिना की प्रेम कहानी लंबे समय से उनके प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय रही है. अब शादी के बाद दोनों के रिश्ते ने एक नए पड़ाव में प्रवेश किया है.

इसे भी पढ़े- भारतीय खेल जगत में 12 अगस्त क्यों है खास? जानिए इसके पीछे की पूरी कहानी


विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola