खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 की मेजबानी तेलंगाना को, CM रेवंत रेड्डी ने लिया तैयारियों का जायजा

Updated:
विज्ञापन

खेलो इंडिया यूथ गेम्स को लेकर तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी मीटिंग करते हुए (एक्स)

तेलंगाना खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 की मेजबानी करेगा. CM रेवंत रेड्डी ने तैयारियों की समीक्षा की. जानिए कब और कहां होंगे गेम्स.

विज्ञापन

Khelo India Youth Games 2026: तेलंगाना में इस साल आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स (KIYG) 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को हैदराबाद स्थित मर्री चेन्ना रेड्डी मानव संसाधन विकास संस्थान (MCRHRD) में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली गई. तेलंगाना को खेलो इंडिया यूथ गेम्स के 2026 संस्करण की मेजबानी मिली है. यह प्रतियोगिता इस साल नवंबर में आयोजित होने की उम्मीद है. खेलो इंडिया यूथ गेम्स का यह आठवां संस्करण होगा. राज्य सरकार की कोशिश है कि प्रतियोगिता का आयोजन बड़े स्तर पर और बेहतर खेल सुविधाओं के साथ किया जाए.

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में मंत्री वकिति श्रीहरि, सरकार के सलाहकार रामकृष्ण राव, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ तेलंगाना (SATG) के चेयरमैन शिवसेना रेड्डी, खेल विभाग के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन और SATG की एमडी सोनी बाला देवी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान आयोजन से जुड़ी तैयारियों, खेल स्थलों, खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं और प्रतियोगिता को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए किए जा रहे इंतजामों की समीक्षा की गई.

तीन साल में दूसरी बार दक्षिण भारत में KIYG

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 के आयोजन के साथ तेलंगाना तीन साल के भीतर इस प्रतिष्ठित युवा खेल प्रतियोगिता की मेजबानी करने वाला दक्षिण भारत का दूसरा राज्य बन जाएगा. इससे पहले तमिलनाडु ने 2024 में KIYG की मेजबानी की थी. 2025 का संस्करण बिहार में आयोजित किया गया था. ऐसे में लगातार दक्षिण भारत के राज्यों को मिल रही मेजबानी इस क्षेत्र में खेलों के बढ़ते बुनियादी ढांचे और युवा खिलाड़ियों के लिए तैयार किए जा रहे माहौल को भी दर्शाती है.

2025 में महाराष्ट्र रहा चैंपियन

पिछले साल बिहार में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में महाराष्ट्र ने पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया था. हरियाणा दूसरे और राजस्थान तीसरे स्थान पर रहा था. मेजबान बिहार 15वें स्थान पर रहा, जबकि तेलंगाना 13वें स्थान पर था. इससे पहले 2024 में तमिलनाडु में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मेजबान राज्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था. महाराष्ट्र उस संस्करण में भी पदक तालिका में शीर्ष पर रहा था। तेलंगाना ने 2024 में छठा स्थान हासिल किया था.

2025 में 28 खेलों को किया गया था शामिल

बिहार में आयोजित KIYG 2025 में कुल 28 खेलों को शामिल किया गया था. इनमें से 27 खेलों में पदक प्रदान किए गए, जबकि ई-स्पोर्ट्स को प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) इवेंट के तौर पर शामिल किया गया था. युवा खिलाड़ियों के बीच इस प्रतियोगिता की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है. देशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेते हैं और कई खिलाड़ियों के लिए यह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है.

KIYG 2025 में बने 26 रिकॉर्ड

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. इस दौरान कुल 26 रिकॉर्ड बने. इनमें से 13 रिकॉर्ड वेटलिफ्टिंग में राष्ट्रीय युवा रिकॉर्ड थे. बाकी 13 रिकॉर्ड एथलेटिक्स में मीट रिकॉर्ड (खास प्रतियोगिता में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन) रहे. इन रिकॉर्ड से पता चलता है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स अब सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं है. यह युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और देश के स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बड़ा मौका भी दे रहा है.

इसे भी पढ़े- भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज पर श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर की भविष्यवाणी, 1-1 से बराबर होगी सीरीज


विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola