ePaper

जिम्बाब्वे में बलात्कार के मामले में भारतीय अधिकारी की कथित भूमिका पर विवाद

Updated at : 20 Jun 2016 4:19 PM (IST)
विज्ञापन
जिम्बाब्वे में बलात्कार के मामले में भारतीय अधिकारी की कथित भूमिका पर विवाद

नयी दिल्ली-हरारे : भारतीय क्रिकेट टीम के जिम्बाब्वे दौरे के दौरान आज एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब दो व्यक्तियों को कथित बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की कि कोई भी भारतीय क्रिकेटर इस मामले में शामिल नहीं है. यह विवाद तब खड़ा हुआ जब जिम्बाब्वे मीडिया […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली-हरारे : भारतीय क्रिकेट टीम के जिम्बाब्वे दौरे के दौरान आज एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब दो व्यक्तियों को कथित बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की कि कोई भी भारतीय क्रिकेटर इस मामले में शामिल नहीं है. यह विवाद तब खड़ा हुआ जब जिम्बाब्वे मीडिया में खबर आयी कि एक भारतीय क्रिकेटर को बलात्कार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है, हालांकि उसका नाम नहीं दिया हुआ था.

रिपोर्ट में कहा गया कि अफ्रीकी देश के भारतीय दूत आर मासाकुई ने बीती रात हरारे के होटल में खिलाड़ी की गिरफ्तारी को रोकने की कोशिश की. हालांकि मासाकुई ने मीडिया की अटकलों को सीधे तौर पर खारिज कर दिया और स्पष्ट किया कि जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, वह भारतीय टीम से जुड़ा हुआ नहीं था जो जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज खेल रही है.
गिरफ्तार किये गए दो व्यक्तियों में से एक श्रृंखला के प्रायोजकों में से एक से जुड़ा अधिकारी है. मासाकुई ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. हालांकि यह स्पष्ट करता हूं कि कोई क्रिकेटर इसमें शामिल नहीं है. हम उस व्यक्ति से संपर्क बनाने के लिये दूतावास के अधिकारियों की मदद ले रहे हैं और हरारे में भारतीय दूतावास इस मामले पर निगाह रखे है. हम इस घटनाक्रम के बारे में भारत सरकार को सूचित करेंगे. ” बीसीसीआई ने भी इसके बारे में स्पष्ट किया कि इसका कोई भी खिलाड़ी या अधिकारी इस कथित घटना में लिप्त नहीं है.
बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘‘इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है. इस में कोई भी भारतीय क्रिकेट या कोई भी मैच अधिकारी शामिल नहीं है. उनका इस घटना से कोई लेना देना नही है. अगर कोई व्यक्ति इसमें शामिल है जो बीसीसीआई या टीम का हिस्सा नहीं है तो हम इसके बारे में टिप्पणी नहीं कर सकते. ” उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि बीसीसीआई कर्मचारी या मैच अधिकारी या खिलाडियों का इस घटना से कुछ भी लेना देना नहीं है. ”
भारत में अधिकारिक सूत्रों ने इस रिपोर्ट से इनकार किया है, जिससे सोशल मीडिया में आज हलचल मची हुई है. सूत्रों ने कहा, ‘‘हरारे में बलात्कार के कथित आरोप में भारतीय क्रिकेटर के संबंध में आयी मीडिया रिपोर्टों’ के बारे में हमने जिम्बाब्वे में हमारे राजदूत से बात की है. रिपोर्ट पूरी तरह झूठ है. कोई भी भारतीय क्रिकेटर इसमें शामिल नहीं है. ”
सूत्र ने कहा, ‘‘प्रायोजकों में से एक से जुड़े भारतीय को गिरफ्तार किया गया है. उसने भी आरोप से इनकार किया है और कहा कि वह खुद को निर्दोष साबित करने के लिये डीएनए परीक्षण भी कराने को तैयार है. हमारे राजदूत इस मामले पर नजर रखे हैं. ” रिपोर्ट के अनुसार गिरफ्तार व्यक्तियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जायेगा और वे कल हाई कोर्ट में जमानत के लिये आवेदन कर सकते हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola