गेंदबाज अपनी गलतियों से सबक लिये तो हार का सिलसिला टूट सकता है : शास्त्री

कैनबरा : पांच मैचों की वनडे श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के विजय अभियान पर नकेल कसने की जिम्मेदारी गेंदबाजों को सौंपते हुए टीम निदेशक रवि शास्त्री ने कहा कि अनुभवहीन भारतीय गेंदबाजों को अपनी गलतियों से सबक लेना होगा. लगातार तीन हार के साथ भारत श्रृंखला गंवा चुका है और कल चौथे वनडे में प्रतिष्ठा के […]
कैनबरा : पांच मैचों की वनडे श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के विजय अभियान पर नकेल कसने की जिम्मेदारी गेंदबाजों को सौंपते हुए टीम निदेशक रवि शास्त्री ने कहा कि अनुभवहीन भारतीय गेंदबाजों को अपनी गलतियों से सबक लेना होगा.
लगातार तीन हार के साथ भारत श्रृंखला गंवा चुका है और कल चौथे वनडे में प्रतिष्ठा के लिये खेलेगा. यह पूछने पर कि क्या मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण क्लीन स्वीप रोक सकता है, शास्त्री ने पत्रकारों से कहा ,‘‘ यदि उन्होंने अपनी गलतियों से सबक लिया तो हार का ये सिलसिला टूट सकता है.’
उन्होंने कहा ,‘‘ गेंदबाज निराश होंगे क्योंकि मैच जीतने के लिये एक या दो गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन से काम नहीं चलता. एक ईकाई के रुप में अच्छी गेंदबाजी करनी होती है. पिछले साल विश्व कप में हम इसलिये अच्छा प्रदर्शन कर सके क्योंकि पांचों गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की.’ उन्होंने कहा ,‘‘ जब ऐसा होता है तभी आप दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों को हरा सकते हैं. लेकिन वाइड गेंदें फेंकने की कोई सफाई नहीं हो सकती.
हमारे गेंदबाजों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही होगा.’ उन्होंने कहा ,‘‘ करीबी मैचों में फिनिशिंग टच देने के लिये बेहतर गेंदबाजी जरुरी है. एम एस धौनी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि चौके आसानी से पड़ रहे हैं. इन पर नियंत्रण करना होगा. यदि 60 . 70 प्रतिशत भी काबू कर लिया तो मुकाबले करीबी होंगे.’
पहले दो मैचों में एकतरफा हार के बाद भारत ने तीसरे मैच में टक्कर दी लेकिन तीन विकेट से हार गया. शास्त्री ने कहा ,‘‘ हालिया नतीजों के बावजूद उनका प्रदर्शन शर्मनाक नहीं है क्योंकि मुझे पता है कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद हमें सिर्फ उपर जाना है. मुझे पता है कि 12 महीने पहले टेस्ट श्रृंखला के बाद क्या हुआ था और मुझे पता है कि हमारी टेस्ट टीम आज किस स्थिति में है.’
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे यकीन है कि हमारे गेंदबाज अपनी गलतियों से सबक लेकर तरक्की करेंगे. मैं निराश हूं लेकिन यह स्वीकार करना होगा कि हम मेलबर्न में जीत सकते थे हालांकि ऐसा हुआ नहीं.’ शास्त्री ने कहा कि बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत बनाने की जरुरत है और बीसीसीआई को विदेश दौरों पर अतिरिक्त खिलाडियों को भेजना चाहिये. उन्होंने कहा ,‘‘ हमें बेंच स्ट्रेंथ की जरुरत है क्योंकि यह सबसे कठिन दौरों में से एक है. मैं कई बार ऑस्ट्रेलिया आ चुका हूं लेकिन पिछले कुछ दिन में हम तीन अलग अलग टाइम जोन में थे.
ऐसे हालात का अक्सर सामना नहीं करना पड़ता.’ उन्होंने कहा ,‘‘ पर्थ में खेलने के बाद आप ब्रिसबेन पहुंचे जिसका समय अलग है. इसके बाद मेलबर्न गए जिसका समय अलग है और यह सभी छह दिन के भीतर. इन सभी को देखते हुए टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है.’ शास्त्री ने कहा ,‘‘ मैं सलाह दूंगा कि भविष्य में बीसीसीआई दूर देशों के दौरों पर कुछ अतिरिक्त खिलाडियों को भेजे. दौरे पर सिर्फ 15 खिलाडियों की बजाय 16 को भेजना चाहिये. श्रीलंका, बांग्लादेश या मध्य पूर्व में 15 खिलाड़ी ठीक हैं.’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




