बिहार में बेंगलुरु-चेन्नई की तरह बनेगा मॉडर्न लॉजिस्टिक्स पार्क, 5 प्वाइंट में समझिए इससे होने वाले फायदे
AI फोटो
Logistics Park: पटना में लॉजिस्टिक्स पार्क बनाने की तैयारी है. इस परियोजना के पूरा होने से शहर में ट्रैफिक के झंझट से राहत मिल सकेगी. इसके साथ ही बड़े-बड़े मालवाहक गाड़ियों को शहर में आने की जरुरत नहीं पड़ेगी. साथ ही डिजिटल ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लगाया जायेगा.
पटना से हिमांशु देव की रिपोर्ट
Logistics Park: पटना में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई पहल किए जा रहे हैं. इसी क्रम में एक खास परियोजना तैयार की गई है. शहर में बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई की तर्ज पर मॉडर्न लॉजिस्टिक्स पार्क बनाने की तैयारी चल रही है. पटना नगर निगम की ओर से इसे ट्रांसपोर्ट नगर में तैयार करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है.
आपके शहर में
क्या है परियोजना का उद्देश्य?
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर के भीतर बढ़ रहे ट्रैफिक के भारी दबाव को कम करना और लॉजिस्टिक्स को एक ही छत के नीचे लाकर सुव्यवस्थित करना है. यहां से बड़े वाहनों में आने वाले सामानों को उतारकर छोटे-छोटे वाहनों से शहर में भेजा जायेगा.
वर्तमान में ट्रांसपोर्ट नगर सहित कई महत्वपूर्ण इलाके अव्यवस्थित और भीड़भाड़ वाले हो चुके हैं. हर दिन जाम की स्थिति बनी रहती है. इससे शहर में भारी वाहनों का प्रवेश कम होगा और जाम से निजात मिलेगी. इस परियोजना के जरिए लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को शहर से बाहर ट्रांसफर कर दिया जायेगा.
प्वाइंट्स में जानिए इस परियोजना के फायदे
- भारी मालवाहक वाहनों के शहर के बाहर ही रुक जाने से पटना की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा और लोगों को हर रोज के जाम से राहत मिलेगी.
- ट्रकों और बड़े वाहनों के शहर में एंट्री न करने से पटना की हवा साफ होगी और ध्वनि प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट दर्ज की जायेगी.
- इसे मॉडर्न हब के शुरू होने से परिवहन, वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग और सहायक सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार मिलेगा.
- आधुनिक लोडिंग-अनलोडिंग जोन और कंटेनर यार्ड होने से सामान की बर्बादी रुकेगी.
- अक्सर सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करने वाले चालकों के लिए पार्क में रेस्ट रूम, शौचालय, मेडिकल सेंटर, पार्क और उचित खान-पान की व्यवस्था उपलब्ध होगी.
डिजिटल ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लगाया जायेगा
जानकारी के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट नगर में बनने वाले इस लॉजिस्टिक्स पार्क को पूरी तरह मॉडर्न और डिजिटल ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से लैस किया जायेगा. परिसर के अंदर चौड़ी सड़कें, ट्रकों और ट्रेलरों के लिए व्यवस्थित पार्किंग, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइटिंग, जलापूर्ति और सीवरेज की पक्की व्यवस्था होगी.
साथ ही सामानों के स्टोरेज के लिए यहां भूकंपरोधी तकनीक से बने बड़े गोदाम यानी वेयरहाउस और कंटेनर यार्ड तैयार किए जायेंगे. इसके अलावा गाड़ियों की मरम्मत के लिए गैरेज, पीयूसी सेंटर, गाड़ियों की तौल के लिए वेब्रिज और चौबीसों घंटे पानी-बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं एक ही परिसर में मिलेंगी.
Also Read: MLC इलेक्शन में सिर्फ 2 को छोड़ बाकी सभी हो सकते हैं नये चेहरे, 8 जून को नॉमिनेशन का आखिरी दिन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए